SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

वोट चोरी के आरोप पर तेजस्वी यादव का बड़ा हमला: 'CEC ज्ञानेश कुमार की हो गिरफ्तारी', दिल्ली रवाना होने से पहले कर दी ये मांग

राजद नेता तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला. उन्होंने दिल्ली रवाना होने से पहले पटना में ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की बड़ी मांग की. साथ ही बिहार सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साधा.

Edited By Shailendra
Published: Sep 29, 2026, 10:24 PM IST | Updated: Sep 29, 2026, 10:37 PM IST
Image Credit: दिल्ली रवाना होने से पहले चुनाव आयोग और बिहार सरकार पर बरसे तेजस्वी यादव (Z- News)
Join

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होने दिल्ली रवाना हो गए. दिल्ली जाने से पहले मीडिया से उन्होंने बातचीत की. इस दौरान राजद नेता ने कहा कि जिस तरह चुनाव आयोग की भूमिका पूरे देश की जनता के सामने उजागर हुई है, उससे यह गंभीर सवाल खड़ा होता है कि चुनाव में लगातार वोटों की चोरी कराकर बीजेपी को जिताने का काम किया जा रहा था. इसकी शुरुआत खास तौर पर बिहार से की गई और फिर इसे पूरे देश में लागू किया गया. चुनाव आयोग के दो चुनाव आयुक्तों ने इसका पर्दाफाश किया है. यह लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक स्थिति है.

तेजस्वी यादव ने कहा कि बुधवार को इंडिया गठबंधन की 11 बजे बैठक है. उस बैठक में शामिल होने के लिए हम दिल्ली जा रहे हैं. अगर कोई भी व्यक्ति आएगा और वोटों की चोरी कर देगा, लोकतंत्र को खत्म कर देगा और संवैधानिक संस्थाओं को समाप्त किया जाएगा, तो देश कैसे चलेगा? ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी होनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि एक ज्ञानेश कुमार जाएंगे तो बीजेपी ऐसे कई ज्ञानेश कुमार लाने का काम करेगी. बीजेपी चुनाव जीतने के लिए संवैधानिक संस्थाओं को बर्बाद कर रही है और उनका दुरुपयोग कर रही है. जरूरी है कि देश की जनता बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिए काम करे. तेजस्वी यादव ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को संरक्षण दिया जा रहा है. कानून में भी बदलाव कर दिया गया है. चुनाव आयोग को बीजेपी के लोगों ने यह गारंटी दे रखी है कि ज्ञानेश कुमार कितनी भी बेईमानी करेंगे, अमित शाह और नरेंद्र मोदी उनका संरक्षण करेंगे.

बिहार की कानून-व्यवस्था पर तेजस्वी का सम्राट सरकार पर प्रहार
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है. मुख्यमंत्री कानून से ऊपर हो गए हैं. आम जनता पर पॉक्सो लगता है, लेकिन मुख्यमंत्री पर पॉक्सो के तहत एफआईआर तक दर्ज नहीं होती. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया ने देखा है कि बिहार में लगातार महिलाओं के साथ अत्याचार के मामले सामने आ रहे हैं. बिहार में अपराधियों का बोलबाला है और यहां राक्षसराज और गुंडाराज कायम हो गया है. अत्याचारी लोग शासन कर रहे हैं. घर हो, बाहर हो, अस्पताल हो या कॉलेज-बिहार में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं.

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि सम्राट चौधरी एक चयनित मुख्यमंत्री हैं. न उनके नाम पर वोट मिला है और न उनके काम के नाम पर वोट मिला है. उनके ऊपर हत्या के मामले से जुड़े आरोप भी हैं. बिहार उनसे संभल नहीं रहा है. अधिकारियों के घरों पर छापे पड़ रहे हैं और करोड़ों-करोड़ों रुपये बरामद हो रहे हैं. वहीं, राज्य का खजाना खाली है.

रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES