अंगारे उगलती आंखें, मुंह से बरसते शोले के साथ जला बिहार का सबसे ऊंचा रावण, पटना के गांधी मैदान में दिखा अद्भुत नजारा
पटना गांधी मैदान में 90 फीट के रावण का वध किया गया. बिहार और नागालैंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई मंत्री मौजूद रहे. वहीं, रावण दहन के दौरान करीब एक लाख से अधिक लोग मौजूद रहे.
बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में विजयादशमी के पावन पर्व पर रावण वध कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस वर्ष गांधी मैदान में 90 फीट ऊंचे विशालकाय रावण के पुतले का निर्माण कराया गया था. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार के राज्यपाल, नागालैंड के राज्यपाल समेत राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, सांसद और विधायक उपस्थित रहे.
सुरक्षा के लिए 120 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई
रावण दहन देखने के लिए एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटी. लाइट और साउंड इफेक्ट्स, रामलीला कमेटी की झांकी और जय श्रीराम के जयकारों के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ. सुरक्षा के लिए 120 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई थी.
जय श्री राम, जय श्री राम के नारे लगा रहे थे लोग
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने धनुष पर बाण चलाकर प्रतीकात्मक रूप से रावण का वध किया और दहन की रस्म पूरी की. इसके साथ ही 85 फीट ऊंचे मेघनाद और 80 फीट ऊंचे कुंभकर्ण के पुतलों का भी दहन किया गया. रावण दहन के साथ ही पूरा गांधी मैदान 'जय श्रीराम' के गगनभेदी उद्घोष और मनमोहक आतिशबाजी से जगमगा उठा. लोग जय श्री राम, जय श्री राम के नारे लगा रहे थे.
1957 से गया के के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होता है रावण दहन
गया शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बीते 1957 से असत्य पर सत्य के महापर्व विजयादशमी के मौके पर श्री दशहरा कमेटी के द्वारा रावण दहन के कार्यक्रम का भव्य रूप से आयोजन किया जाता है. इस मौके पर राम-लक्ष्मण की भव्य शोभायात्रा निकाली जाती है, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी मैदान के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचती है. इस शोभायात्रा कार्यक्रम में वाराणसी से आए डमरू कलाकारों द्वारा प्रदर्शन भी किया गया. वाराणसी से आए कलाकारों के द्वारा डमरू से गुलाल की हो रही बारिश को देखकर पूरा कार्यक्रम स्थल राममय भक्ति में सराबोर हो गया.
वहीं, आयोजित कार्यक्रम में 60 फीट के रावण, 55 फीट के मेघनाद और 50 फीट के कुंभकर्ण के पुतले का दहन किया गया. भगवान राम ने जैसे ही रावण के नाभि कुंड में तीर मारा, तो रावण का पुतला धू-धू कर जलने लगा. भगवान श्रीराम ने जैसे ही रावण के पुतले में आग लगाई, पूरा गांधी मैदान जय श्री राम के जयकारों से गूंज उठा.
इस रावण दहन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधानसभा अध्यक्ष सह नगर विधायक डॉ. प्रेम कुमार, विशिष्ट अतिथि के रूप में मगध प्रमंडल आयुक्त एस. सफीना, पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, एसएसपी सुशील कुमार और सिटी एसपी अभिनव शामिल रहे.
रिपोर्ट: रुपेंद्र श्रीवास्तव
यह भी पढ़ें: पटना के गांधी मैदान में होगा 90 फीट रावण का पुतला दहन, बदला ट्रैफिक रूट... घर से निकलने से पहले पढ़ें पूरी गाइडलाइन