App

मोतिहारी में छठ महापर्व में भी सैलरी को तरसे सरप्लस शिक्षक, क्या ट्रांसफर की सजा भुगत रहे हैं गुरुजी?

पूर्वी चंपारण में ट्रांसफर की सजा लगता है गुरुजी भुगत रहे हैं? क्योंकि छठ महापर्व पर भी सरप्लस शिक्षकों का वेतन नहीं आया है. शिक्षकों का कहना है कि हम भी इंसान हैं, हम भी छठ पर्व मनाते हैं. हमने क्या गलती की? जो हमारा वेतन रोका गया है.

मोतिहारी में छठ महापर्व में भी सैलरी को तरसे सरप्लस शिक्षक, क्या ट्रांसफर की सजा भुगत रहे हैं गुरुजी?
Image Credit: 'हम भी तो इंसान हैं...', छठ सिर पर है, पर ट्रांसफर वाले गुरुजी अब भी वेतन के इंतजार में? (File-Photo)

छठ जैसे महापर्व में जहां हर घर में खुशी और खरीदारी की तैयारी है. वहीं पूर्वी चंपारण के सैकड़ों सरप्लस शिक्षक वेतन के इंतजार में बैठे हैं, जबकि इनके ही स्कूल में अन्य सभी शिक्षकों को उनका वेतन मिल गया है. ऐसे शिक्षक सवाल पूछ रहे हैं कि क्या शिक्षकों का कसूर सिर्फ इतना है कि विभाग ने उनका स्थानांतरण कर दिया. स्थानांतरण विभाग का आदेश था, शिक्षकों ने उसका पालन किया, नए स्कूल में योगदान भी दिया, पढ़ाई भी करवा रहे हैं, लेकिन अभी तक वेतन क्यों नहीं मिला?

'हम भी तो इंसान हैं...', छठ सिर पर है, पर ट्रांसफर वाले गुरुजी अब भी वेतन के इंतजार में!

अब स्थिति यह है कि छठ पर्व सिर पर है. बच्चों के लिए नए कपड़े, पूजा का सामान, फल-फूल....सब कुछ वेतन पर ही टिका है. शिक्षक हर दिन अपने खाते को चेक कर रहे हैं कि कब वेतन आए और कब वे महापर्व की खरीदारी करें. एक शिक्षक ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि हमने क्या गलती की? सरकार ने ट्रांसफर किया, हमने ज्वाइन किया. अब वेतन के लिए हमें क्यों तरसाया जा रहा है? छठ में तो सबको अपने घर में खुशी चाहिए, हम भी तो इंसान हैं.

अगर वेतन समय पर नहीं मिला तो कई शिक्षकों का छठ फीका रह जाएगा

शिक्षकों का कहना है कि एक तरफ सरकार शिक्षकों को सम्मान देने की बात करती है. दूसरी तरफ पर्व के समय उन्हें आर्थिक संकट में डाल दिया गया है. अगर वेतन समय पर नहीं मिला तो कई शिक्षकों का छठ फीका रह जाएगा.

शिक्षकों की मांग को जानिए

1. छठ से पहले सभी सरप्लस स्थानांतरित शिक्षकों का लंबित वेतन तुरंत जारी किया जाए.

2. स्थानांतरण के बाद वेतन भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए ताकि हर बार यही समस्या न हो.

3. डीएम इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करें. छठ बिहार का सबसे बड़ा पर्व है, आस्था का पर्व है. इस पर्व में शिक्षकों को वेतन के लिए तरसना वाकई दुर्भाग्यपूर्ण है.

कब है छठ महापर्व और खत्म, जानिए

बता दें कि 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत होगी. इस दिन व्रति स्नान करके कद्दू-भात और चने की दाल खाते हैं. 14 नवंबर को खरना होगा. इस दिन दिनभर व्रत रखा जाता है. इसके बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है. फिर करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास रखा जाता है. 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य दिया जाता है. 16 नवंबर को सुबह-सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है. इसके बाद प्रसाद खाकर व्रत का पारण किया जाता है.

रिपोर्ट: पंकज कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More