सीवान पुलिस को बड़ी सफलता: प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर से चुराए गए लाखों के आभूषण बरामद, 4 चोर गिरफ्तार
Siwan News: सिवान के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के हुलास छपरा गांव स्थित दुर्गा माता मंदिर में हुई आभूषण चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए मांगटीका, नथिया, मंगलसूत्र और हार समेत सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं.
Siwan News: बिहार के सिवान जिले के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के हुलास छपरा गांव स्थित प्रसिद्ध दुर्गा माता मंदिर से आभूषण चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर मंदिर से चोरी किए गए सभी आभूषण, मांगटीका, नथिया, मंगलसूत्र और हार बरामद कर लिए गए हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. वहीं, इस मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपित के घर से पुलिस ने एक रिवॉल्वर भी बरामद किया है. पुलिस अब फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस ने शुरू की जांच
मंदिर में चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में काफी आक्रोश था. सिवान SP भारत सोनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महाराजगंज SDPO के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया था. गठित टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. महाराजगंज SDPO अमन ने बताया कि अनुसंधान के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर छापेमारी कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया.
मंदिर से चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद
गिरफ्तार आरोपितों में सुजीत कुमार उर्फ कल्लू, अंकित पांडेय और कमलेश पांडेय समेत चार लोग शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर मंदिर से चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए गए हैं. वहीं, इस कांड में शामिल एक अन्य आरोपित अभी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. इसी क्रम में फरार आरोपित के घर की तलाशी के दौरान एक रिवॉल्वर बरामद किया गया.
अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस अब बरामद हथियार के संबंध में भी जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार किस उद्देश्य से रखा गया था और इसका इस्तेमाल किसी आपराधिक गतिविधि में हुआ है या नहीं. हुलास छपरा स्थित दुर्गा माता मंदिर से आभूषण चोरी की घटना के बाद पुलिस पर आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी का दबाव था. पुलिस की कार्रवाई के बाद चोरी गए सभी आभूषणों की बरामदगी से मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है. SDPO अमन ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है. पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है.
रिपोर्ट: अमित सिंह