एसआईएस ग्रुप के संस्थापक आरके सिन्हा का निधन, बीजेपी के संस्थापक सदस्यों में थे शामिल
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और संस्थापक सदस्यों में से एक रविंद्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) का शुक्रवार सुबह नोएडा स्थित आवास पर निधन हो गया.
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और संस्थापक सदस्यों में से एक रविंद्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) का शुक्रवार (30 अक्टूबर, 2026) सुबह नोएडा स्थित आवास पर निधन हो गया. उनका पार्थिव शरीर आज नोएडा से पटना ले आया जाएगा और वहां से उनके बक्सर स्थित पैतृक गांव ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. आरके सिन्हा राज्यसभा के पूर्व सांसद रह चुके हैं.
जानें आरके सिन्हा के बारे में-
भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल और पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा शुरुआती दौर से ही संगठन से जुड़े रहे और बिहार भाजपा में उनका अहम स्थान था. राजनीति के साथ-साथ उद्यमिता (Entrepreneurship) के क्षेत्र में भी उनका बड़ा योगदान रहा. उनके नेतृत्व में एसआइएस ग्रुप (SIS Group) ने देश-विदेश में निजी सुरक्षा सेवाओं का विस्तार किया और हजारों लोगों को रोजगार के अवसर दिए.
मिली जानकारी के अनुसार, उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली से पटना (अन्नपूर्णा भवन, पाटलिपुत्र) लाया जाएगा. पटना पहुंचने का समय और अंतिम संस्कार की जानकारी अभी नहीं दी गई है.
सीएम सम्राट ने दी श्रद्धांजलि
सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा-
'जनसंघ एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व राज्यसभा सांसद आदरणीय श्री आर. के. सिन्हा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. पत्रकारिता, समाजसेवा एवं संगठन के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा. उनका निधन राजनीतिक एवं सामाजिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें. ॐ शांति!'
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दी श्रद्धांजलि
'जनसंघ एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. आर. के. सिन्हा जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है. उनका निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करें. ॐ शांति!'
जीतन राम मांझी ने दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- 'भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद एवं SIS के संस्थापक आदरणीय श्री आर.के. सिन्हा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. भावभीनी श्रद्धांजलि.'
जेडीयू ने एक्स पर किया पोस्ट
जेडीयू ने लिखा- 'भाजपा के वरिष्ठ नेता, SIS के संस्थापक एवं पूर्व सांसद श्री आर. के. सिन्हा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है. उनका निधन राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है. जद (यू) परिवार की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि एवं विनम्र नमन.'
रोहिणी आचार्य ने दी श्रद्धांजलि
'हमारे अभिभावक तुल्य, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद एवं एसआईएस (SIS) के संस्थापक आर.के. सिन्हा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. उनका जाना राजनीतिक और सामाजिक जगत के साथ-साथ मेरे लिए एक अपूरणीय क्षति है. ईश्वर से प्रार्थना है कि वो दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति.'