)
बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सरौली गांव में रविवार को एक नए घर में वायरिंग करने के दौरान करंट लगने से एक बिजली मिस्त्री की मौत हो गई. इस हादसे में उसका चचेरा भाई भी करंट की चपेट में आ गया. इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव निवासी बदलू दास के पुत्र संजय दास (35) के रूप में हुई है. वहीं, हादसे में उसके चचेरे भाई पंकज कुमार को भी करंट का झटका लगा.
परिजनों ने बताया कि संजय और पंकज रविवार सुबह सरौली गांव में एक व्यक्ति के नए घर में वायरिंग का काम करने गए थे. काम के दौरान अचानक संजय को करंट लग गया. उसे बचाने की कोशिश में पंकज भी करंट की चपेट में आ गया. हालांकि, संजय को तेज झटका लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
संजय की मां ने बताया कि रविवार सुबह वह पंकज के साथ काम करने के लिए घर से निकला था. करीब 11 बजे परिवार को सूचना मिली कि सरौली गांव में वायरिंग करने के दौरान उसे करंट लग गया है. इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे, जहां संजय की मौत हो चुकी थी. परिजनों ने बताया कि संजय की शादी करीब सात साल पहले हुई थी. वह चार बच्चों का पिता था और बिजली मिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.
विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील झा ने बताया कि करंट लगने से युवक की मौत की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस पदाधिकारी को मौके पर भेजकर घटना की जांच कराई गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक बिजली मिस्त्री का काम करता था और वायरिंग करने के दौरान करंट की चपेट में आ गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
रिपोर्ट: मंटुन कुमार रॉय