समस्तीपुर में डायल-112 पुलिस टीम से हाथापाई: हिरासत में लिए गए युवक को लाठी से पीटता दिखा 'सादे कपड़ों' वाला शख्स
समस्तीपुर में, एक महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत की जांच करने पहुंची 'डायल-112' टीम के साथ एक युवक की हाथापाई हो गई. इस दौरान एक पुलिसकर्मी की वर्दी फट गई. वायरल वीडियो में सादे कपड़ों में एक अन्य शख्स युवक पर लाठियां बरसाता नजर आ रहा है. वहीं, अब उसकी भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में महिला से गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत पर पहुंची डायल-112 की पुलिस टीम के साथ दुर्व्यवहार और हाथापाई करने का मामला सामने आया है. घटना मोहिउद्दीननगर वार्ड संख्या-3 की बताई जा रही है. पुलिस ने घटना से जुड़े एक युवक को हिरासत में लेकर मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है. इसी घटना से जुड़े वायरल वीडियो में सादे कपड़ों में एक व्यक्ति युवक पर लाठी से पुलिस पकड़ में ही युवक को बेरहमी से पीटता हुआ दिखाई दे रहा है.
समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन...
अब सवाल उठ रहा है कि आखिर यह व्यक्ति कौन है, जो पुलिस के गिरफ्त में होने के बाबजूद युवक को बेरहमी से पीट रहा है? पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर को दोपहर 2:35 बजे डायल-112 पर एक सूचना मिली कि मोहिउद्दीन नगर बाजार में एक युवक द्वारा महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट किए जाने की शिकायत की गई थी. सूचना के सत्यापन के लिए डायल-112 पर पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक राजु कुमार यादव बल के साथ मोहिउद्दीनगर वार्ड संख्या-3 में पहुंचा .पुलिस का कहना है कि मौके पर एक व्यक्ति महिला के साथ गाली-गलौज करता मिला. डायल-112 की टीम ने उसे समझाने-बुझाने का प्रयास किया.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इसी दौरान वह पुलिस टीम के साथ दुर्व्यवहार करने लगा और पुलिस पदाधिकारी राजू कुमार यादव से उलझ गया. इसके बाद पुलिस पदाधिकारी ने बल और स्थानीय लोगों की मदद से उसे नियंत्रित कर हिरासत में ले लिया. हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान मोहिउद्दीनगर वार्ड संख्या-3 निवासी गोलू कुमार, पिता विजय साह के रूप में हुई है. अब घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में युवक पुलिसकर्मियों के साथ उलझता और भागने का प्रयास करता दिखाई देता है. इस दौरान युवक और पुलिसकर्मियों के सड़क पर गिरने की तस्वीरें भी कैमरे में कैद हुई हैं. मौके पर मौजूद लोग घटना का वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं.
यह भी पढ़ें: दाखिल-खारिज में हेरफेर का आरोप: मुजफ्फरपुर के मुशहरी CO महेंद्र कुमार शुक्ला निलंबित, जीवन निर्वाह भत्ता ही मिलेगा
युवक की भूमिका पर उठ रहे सवाल
एक अन्य वीडियो में सादे कपड़ों में एक व्यक्ति युवक पर लाठी चलाता दिखाई देता है. यहीं से सवाल उठता है कि सादे कपड़ों में युवक पर लाठी चलाने वाला व्यक्ति कौन है? क्या वह पुलिस टीम के साथ मौजूद था? यदि वह पुलिसकर्मी था, तो पुलिस की आधिकारिक रिलीज में उसकी भूमिका का उल्लेख क्यों नहीं है? और यदि वह पुलिसकर्मी नहीं था, तो उसने युवक पर लाठी क्यों चलाई? पुलिस की ओर से जारी प्रेस रिलीज में युवक की पहचान और उस पर की जा रही कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी गई है, लेकिन वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे सादे कपड़ों वाले व्यक्ति की पहचान और भूमिका को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है.
रिपोर्ट: मंटून कुमार राय