App

पटना की इस जगह पर 20 वर्षों से छठ के चूल्हे बना रहीं सकीना खातून, रखती हैं शुद्धता का पूरा ध्यान

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पटना में तैयारियां जोरों पर हैं. इसी बीच वीरचंद पटेल पथ पर गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिल रही है. यहां सकीना खातून पिछले 20 वर्षों से छठ व्रतियों के लिए मिट्टी के चूल्हे बना रही हैं.

पटना की इस जगह पर 20 वर्षों से छठ के चूल्हे बना रहीं सकीना खातून, रखती हैं शुद्धता का पूरा ध्यान
Image Credit: पटना की इस जगह पर 20 वर्षों से छठ के चूल्हे बना रहीं सकीना खातून (Zee media)

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी पटना में तैयारियां शुरू हो गई हैं. गंगा घाटों से लेकर शहर के अलग-अलग इलाकों में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है. इसी बीच पटना में छठ पर्व को लेकर गंगा-जमुनी तहजीब की एक खूबसूरत तस्वीर भी देखने को मिल रही है. यहां मुस्लिम महिलाएं पिछले कई वर्षों से छठ व्रतियों के लिए मिट्टी के चूल्हे बना रही हैं. धर्म और मजहब से ऊपर उठकर आस्था के इस महापर्व में उनकी भागीदारी सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश दे रही है.

20 वर्षों से छठ व्रतियों के लिए चूल्हे बना रहीं सकीना

तस्वीरें पटना के वीरचंद पटेल पथ की हैं, जहां मुस्लिम महिलाएं छठ पूजा के लिए मिट्टी के चूल्हे बनाने में जुटी हुई हैं. ये महिलाएं पिछले कई वर्षों से छठ व्रतियों के लिए चूल्हे तैयार कर रही हैं. इन्हीं में एक हैं सकीना खातून, जो पिछले 20 वर्षों से छठ पर्व के लिए मिट्टी के चूल्हे बना रही हैं. सकीना हर साल 100 से अधिक चूल्हे बनाती हैं. इन चूल्हों की कीमत की बात करें तो इसकी किमत 100 से 200 रुपये प्रति पीस तक है.

चूल्हे बनाने में साफ-सफाई रखती हैं विशेष ध्यान

सकीना खातून बताती हैं कि छठ के लिए चूल्हे बनाने का काम शुरू करते ही वह साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखती हैं. इतना ही नहीं, इस दौरान वह खान-पान में भी परहेज करती हैं और मांस-मछली का सेवन नहीं करतीं. खास बात यह है कि लोग भी बिना किसी धार्मिक भेदभाव के उनसे चूल्हे खरीदते हैं. उनके लिए यह काम सिर्फ रोजगार का साधन नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, विश्वास और भाईचारे से जुड़ा एक रिश्ता भी है.

भाईचारे का दे रहीं संदेश

छठ महापर्व के मौके पर पटना की यह तस्वीर सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश कर रही है. एक तरफ जहां छठ व्रती सूर्य उपासना की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं सकीना खातून जैसी महिलाएं अपने हुनर और मेहनत से इस महापर्व की तैयारियों में योगदान दे रही हैं. यह तस्वीर बताती है कि आस्था और सहयोग की कोई धार्मिक सीमा नहीं होती. बिहार की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की यही खूबसूरती देशभर में एक सकारात्मक संदेश दे रही है.

रिपोर्ट: सन्नी कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More