App

रांची के बिट्टू सिंह हत्याकांड का खुलासा, शराब पार्टी के दौरान हुआ था विवाद, 2 आरोपी गिरफ्तार

झारखंड की राजधानी रांची में बिट्टू सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने बताया कि शराब पीने के दौरान विवाद के बाद युवक की हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल कार और अन्य सामान बरामद किया है.

रांची के बिट्टू सिंह हत्याकांड का खुलासा, शराब पार्टी के दौरान हुआ था विवाद, 2 आरोपी गिरफ्तार
Image Credit: झारखंड पुलिस

झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में 31 वर्षीय युवक बिट्टू सिंह की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपी संजय कुमार सिंह और बॉबी विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है. बिट्टू का शव छह नवंबर की सुबह सिठियो स्थित डैम साइड की झाड़ियों से बरामद किया गया था. शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी. रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वारदात की जांच और गिरफ्तार आरोपियों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया है कि हत्या से पहले बिट्टू सिंह और दोनों आरोपियों ने साथ बैठकर शराब पी थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया.

लकड़ी के बेंत से पिटाई के बाद रस्सी से घोंट दिया गला

आरोप है कि दोनों ने कार में रखे लकड़ी के बेंत से बिट्टू की पिटाई की, जिससे वह बेहोश हो गया. इसके बाद रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि विवाद किस वजह से शुरू हुआ था. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी. टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. साथ ही मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई.

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से पकड़े गए दोनों आरोपी

इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दोनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कार, हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बेंत और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

संजय कुमार सिंह का पहले से रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संजय कुमार सिंह का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ धुर्वा थाना में वर्ष 2018 और 2022 में दो मामले दर्ज हैं. पुलिस इन मामलों से जुड़े रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है. दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More