SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'लालू यादव ने शराबबंदी करने से किया था मना', RJD विधायक भाई वीरेंद्र का बड़ा दावा, तो JDU-BJP ने किया पलटवार

RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने बिहार में शराबबंदी को पूरी तरह विफल बताया है. आरोप लगाया कि महागठबंधन सरकार में बिना पर्याप्त सर्वेक्षण के इसे लागू किया गया था. लालू यादव ने शराबबंदी करने से मना किया था.

Edited By Shailendra
Published: Nov 12, 2026, 04:01 PM IST | Updated: Nov 12, 2026, 04:13 PM IST
Image Credit: RJD विधायक भाई वीरेंद्र (Photo- वीडियो ग्रैब)
Join

राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने बिहार में शराबबंदी को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि हम लोगों ने नीतीश कुमार को उस समय मना किया था. लालू जी ने भी शराबबंदी न करने को लेकर मना किया था. शराबबंदी सिर्फ कागजों पर है. बिहार में शराबबंदी पूरी तरीके से फेल है. उन्होंने कहा कि शराब की खेप बिहार में बंगाल, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, नेपाल और ओडिशा से लाई जा रही है. इस शराबबंदी से बिहार की पुलिस और कुछ सत्ताधारी नेता मालामाल हो रहे हैं.

वहीं, कांग्रेस की पूर्व विधायक प्रतिमा कुमारी ने कहा कि जिस उद्देश्य की पूर्ति के लिए बिहार में नशाबंदी हुई थी, वह बिल्कुल उल्टा हो गया. शराबबंदी तो हुई नहीं, लेकिन शराब की जगह पर बिहार में सूखे नशे ने ले ली है. बिहार के जो नौजवान हैं और नई पीढ़ी के लोग नशे की गिरफ्त में हैं, और ऐसा लग रहा है कि बिहार उड़ता पंजाब का वर्जन टू (2) बन गया है.

उन्होंने कहा कि जब शराबबंदी हुई थी, उस समय बिहार का राजस्व लगभग साढ़े तीन हजार (3500) करोड़ रुपये था. शराब आज भी मिल रही है, शराब आज भी बेची जा रही है. शराब की बड़ी-बड़ी खेप बिहार में आज भी आ रही है. ऐसा लग रहा है कि शराब माफियाओं के द्वारा समानांतर सरकार चलाई जा रही है. समानांतर अर्थव्यवस्था तैयार की जा रही है, जो डायरेक्ट NDA सरकार को मदद कर रही है.

कांग्रेस की पूर्व विधायक ने कहा कि बच्चा-बच्चा जानता है कि बिहार में शराब की होम डिलीवरी हो सकती है, घर-घर शराब मिल रही है. शराब कहीं भी और कभी भी उपलब्ध हो सकती है, उसके बावजूद भी सरकार इस पर पुनर्विचार करने के लिए तैयार नहीं है. ऐसा लग रहा है कि बिहार के नौजवानों को खत्म करके ही सरकार दम लेगी. बिहार के नौजवान जो खासतौर से ग्रामीण इलाकों में रहते हैं, गरीब-गुरबे हैं, उनसे होम डिलीवरी कराई जाती है. उनमें सूखे नशे की आदत डाल दी गई है. सूखे नशे की गिरफ्त में आकर उनका जीवनयापन बद से बदतर स्थिति में आ गया है.

प्रतिमा कुमारी ने आगे कहा कि यह सरकार जनहित के लिए नहीं है, यह सरकार शराब माफियाओं के सहयोग से चल रही है और शराब माफिया पुलिस के सहयोग से फल-फूल रहे हैं. यह सरकार निकम्मी सरकार है.

जदयू के प्रवक्ता नवल शर्मा ने कहा कि शराब, बालू और अपराध ये तीन ऐसे क्षेत्र हैं, जो आरजेडी के नेताओं को काफी प्रिय हैं. शराब वाली कंपनियों से चंदा लेने वाली राष्ट्रीय जनता दल के कई सारे चेहरे हैं. सुबोध राय का नाम आपने सुना होगा, जिनकी बिहार में भी फैक्ट्री थी और झारखंड में भी जाली रैपर लगाकर वे शराब बेचा करते थे. विनोद जायसवाल भी इन्हीं के नेता हैं, तो क्या कारण है कि जितने भी बड़े शराब माफिया हैं, वे सारे राष्ट्रीय जनता दल से जुड़े हुए हैं?

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल का नाम शराब कंपनियों से चंदा लेने के लिए सुर्खियों में आता है. शराबबंदी के बाद बिहार में घरों में जो खुशियां लौटी हैं, वे इन लोगों को बर्दाश्त नहीं हो रही हैं, क्योंकि इनका अवैध धंधा मारा जा रहा है. इसलिए ये लोग शराबबंदी का विरोध कर रहे हैं.

बीजेपी के पूर्व विधायक हरीभूषण ठाकुर बचौल ने कहा कि बिहार में शराबबंदी पूरी तरह सफल है और शराबबंदी के कारण बिहार में सामाजिक बदलाव आया है. अगर कहीं कोई गड़बड़ी कर रहा है, तो पकड़ा जा रहा है. विपक्ष के नेता इसे विफल करने के लिए तरह-तरह के षड्यंत्र रच रहे हैं, और कुछ लोग उगाही कर रहे हैं, माल कमा रहे हैं, लेकिन सरकार तत्पर है- ऐसे लोग पकड़े भी जा रहे हैं, जेल भी जा रहे हैं.

प्रिंस कुमार कुशवाहा के साथ रूपेंद्र श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें: बिहार के 23.75 लाख नए परिवारों को बड़ी सौगात, CM सम्राट चौधरी ने वितरित किए राशन कार्ड

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES