App

राजगीर में कल से होगा रणजी ट्रॉफी का आगाज: रिंकू सिंह और साकिब हुसैन पर रहेगी नजर, बिहार और यूपी होगा आमने-सामने

बिहार की पर्यटन नगरी राजगीर में पहली बार रणजी ट्रॉफी का आयोजन होने जा रहा है. 11 से 14 अक्टूबर तक राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में बिहार और उत्तर प्रदेश की टीमें आमने-सामने होंगी. रिंकू सिंह, यश दयाल और अन्य चर्चित खिलाड़ियों के खेलने की उम्मीद है.

राजगीर में कल से होगा रणजी ट्रॉफी का आगाज: रिंकू सिंह और साकिब हुसैन पर रहेगी नजर, बिहार और यूपी होगा आमने-सामने
Image Credit: राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में कल से होगा रणजी ट्रॉफी का आगाज (zee media)

बिहार की पर्यटन नगरी राजगीर अब क्रिकेट के बड़े मुकाबले की गवाह बनने जा रही है. राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार रणजी ट्रॉफी का आयोजन 11 अक्टूबर से शुरू होगा. चार दिनों तक चलने वाले इस मुकाबले में बिहार और उत्तर प्रदेश की टीमें आमने-सामने होंगी. मैदान पर रिंकू सिंह और साकिब हुसैन जैसे चर्चित खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहेगी. हालांकि, दर्शकों के लिए निराशाजनक खबर यह है कि स्टेडियम का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण उन्हें स्टेडियम में बैठकर मैच देखने का मौका नहीं मिलेगा।. राजगीर की ऐतिहासिक धरती पर पहली बार रणजी ट्रॉफी का आयोजन नालंदा के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. 11 से 14 अक्टूबर तक होने वाले इस मुकाबले को लेकर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं.

रिंकू सिंह और साकिब हुसैन पर रहेंगी सबकी नजरें
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया मैनेजर अभिषेक तिवारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश की टीम में रिंकू सिंह, यश दयाल, आर्यन जुयाल और प्रशांत वीर जैसे चर्चित खिलाड़ी शामिल हैं. वहीं, बिहार की ओर से साकिब हुसैन और मोहम्मद इजहार खेलते नजर आएंगे. इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रेमियों की खास नजर रहेगी. उन्होंने यह भी बताया कि वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय दौरे के बाद बिहार की टीम से जुड़ने की संभावना है.

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के क्रिकेट ऑपरेशंस मैनेजर ए.के. चंदन ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है. मुकाबले के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. राजगीर स्टेडियम में पहली बार इतने बड़े स्तर पर क्रिकेट मुकाबला होने जा रहा है. हालांकि, निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण दर्शक चौकों-छक्कों का रोमांच स्टेडियम में बैठकर नहीं देख पाएंगे. ऐसे में यह आयोजन नालंदा के लिए गौरव की बात होने के साथ-साथ क्रिकेट प्रेमियों के लिए मायूसी का कारण भी बन गया है.

सीएम सम्राट चौधरी कर सकते हैं उद्घाटन
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर में क्रिकेट स्टेडियम को लेकर जो सपना देखा था, वह अब साकार होता दिखाई दे रहा है. इस रणजी ट्रॉफी मुकाबले का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हाथों होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पहली बार राजगीर में रणजी ट्रॉफी के आयोजन से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और बिहार में क्रिकेट को नई पहचान मिलने की उम्मीद है.

रिपोर्ट: ऋषिकेश कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More