)
एक बार फिर बिहार की ऐतिहासिक नगरी राजगीर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन के जरिए इतिहास रचने को तैयार है.भारत और न्यूजीलैंड की टीमें रग्बी के मैदान पर अपना दमखम दिखाने जा रही हैं. भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में राजगीर खेल परिसर में अंतरराष्ट्रीय अंडर-20 रग्बी सीरीज का आयोजन किया जा रहा है. यह आयोजन 23 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि मुख्य मुकाबले आज यानी 27 अक्टूबर से शुरू होंगे. इस आयोजन का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. इस कार्यक्रम की उद्घाटन समारोह शाम को 4 बजे होगी. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री लेसी सिंह समेत कई मंत्री और सांसद भी शामिल होंगे.
कार्यक्रम शाम 4:03 बजे रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस अतिथियों का सम्मान करेंगे. इसके बाद शाम 4:05 बजे भारत और न्यूजीलैंड माओरी की टीमें मैदान पर पहुंचेंगी. दोनों देशों के राष्ट्रगान के बाद शाम 4:12 बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीरीज की औपचारिक शुरुआत की घोषणा करेंगे. इसके बाद हाका प्रदर्शन होगा. फिर शाम 4:20 से 4:40 बजे तक भारत और न्यूजीलैंड माओरी की अंडर-20 पुरुष टीमों के बीच मुकाबला होगा. पुरुषों के मैच के बाद शाम 5:11 बजे न्यूजीलैंड माओरी की महिला टीम हाका का प्रदर्शन करेगी. इसके बाद शाम 5:15 से 5:35 बजे तक दोनों देशों की अंडर-20 महिला टीमों के बीच मुकाबला खेला जाएगा.
भारत और न्यूजीलैंड की महिला एवं पुरुष टीमें राजगीर पहुंच चुकी हैं और मुकाबलों से पहले अभ्यास में जुटी हैं. इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों और युवाओं में खासा उत्साह है. भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि राजगीर में इस तरह के अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया मिशन को मजबूती मिलेगी. इस सीरीज का उद्देश्य नई पीढ़ी को अंतरराष्ट्रीय खेल संस्कृति से जोड़ना है.
रग्बी जैसे विश्वस्तरीय खेल को करीब से देखने का अवसर विद्यार्थियों को अनुशासन, फिटनेस और टीम भावना की सीख देगा. साथ ही, ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी अंतरराष्ट्रीय खेलों से प्रेरणा मिलेगी. राजगीर अब सिर्फ इतिहास और पर्यटन के लिए ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेलों के नक्शे पर अपनी नई पहचान बनाने को भी तैयार है. इससे पहले राजगीर खेल परिसर में हॉकी, कबड्डी और क्रिकेट जैसे खेलों का आयोजन हो चुका है. अब अंतरराष्ट्रीय अंडर-20 रग्बी सीरीज के जरिए राजगीर एक बार फिर खेल जगत में अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
रिपोर्ट: ऋषिकेश कुमार