'गलत है तो मेरे खिलाफ दर्ज कराएं केस', प्रशांत किशोर ने सीएम सम्राट चौधरी को FIR कराने की दी चुनौती
प्रशांत किशोर के सीएम सम्राट चौधरी पर गोली मारने वाले बयान पर सूबे की सियासत गरम हो गई है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि सीएम के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग करना बहुत ही निंदनीय है. वहीं, पीके ने एक फिर दोहराया कि अगर मैं गलत हूं तो केस दर्ज करा दें.
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर नालंदा पहुंचे, जहां उन्होंने एक निजी सभागार में स्नातक संवाद कार्यक्रम में शिरकत की. इस दौरान प्रशांत किशोर ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशियों के लिए अपने पक्ष में वोट मांगा. जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी और अनंत सिंह के बयानों को लेकर तीखा हमला बोला है.
अनंत सिंह के बयानों की जांच कराई जाए: प्रशांत किशोर
उन्होंने कहा कि अनंत सिंह के बयानों की जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके. सरकार उनकी है, जांच कराकर कार्रवाई करें. जन सुराज को इन सब मामलों से कोई मतलब नहीं है. उन्होंने कहा कि जेडीयू के नेता अपने और नीतीश कुमार के बारे में क्या कहते हैं, यह भी सबके सामने है.
'हिम्मत है तो मुकदमा दर्ज कराकर गिरफ्तार कर ले सरकार'
सम्राट चौधरी पर पलटवार करते हुए प्रशांत किशोर ने उन्हें सातवीं फेल बताते हुए गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि सम्राट चौधरी सात लोगों की हत्या के आरोप में जेल जा चुके हैं. प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर सम्राट चौधरी को लगता है कि हमने गलत बयान दिया है, तो उनकी सरकार है, हमारे खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई कर सकती है.
'जन सुराज बीजेपी से ज्यादा पैसा नहीं बांट सकता'
वहीं, नोटों के बंडल के साथ जन सुराज से जुड़ी तस्वीर वायरल होने के सवाल पर प्रशांत किशोर ने बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास देश में सबसे ज्यादा पैसा है और जन सुराज बीजेपी से ज्यादा पैसा नहीं बांट सकता. उन्होंने सवाल उठाया कि जब बिहार और दिल्ली में बीजेपी की सरकार है और बड़े उद्योगपति भी बीजेपी के साथ हैं, तो बिहार में पैसे बांटने के आरोप जन सुराज पर क्यों लगाए जा रहे हैं?
प्रशांत किशोर के आरोपों पर संजय सरावगी का पलटवार
प्रशांत किशोर के बयान पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना और गोली मारने जैसी हिंसक भाषा को प्रोत्साहित करना निंदनीय है. संजय सरावगी ने आरोप लगाया कि यह आरजेडी के जंगलराज का सूट-बूट वाला अपडेटेड वर्जन है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षा, तकनीक और विकास के क्षेत्र में लगातार काम कर रहे हैं, ऐसे में बिना तथ्यों के आरोप लगाकर बिहार की जनता को बरगलाना उचित नहीं है.
संजय सरावगी ने प्रशांत किशोर से मुख्यमंत्री के खिलाफ किसी मामले और स्पीडी ट्रायल को लेकर तथ्य सार्वजनिक करने की चुनौती भी दी. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस तरह की बयानबाजी को देख और समझ रही है.
बता दें कि बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने आरा में अधिकारी को गोली मारने और नालंदा में सिपाही की मौत की घटना को लेकर सम्राट सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में जब अपराधियों को चुनकर सदन में भेजा जाएगा और सरकार अपराधियों के हाथ में होगी, तो अच्छे समाज, अच्छे लोगों और रोजगार की कल्पना कैसे की जा सकती है. प्रशांत किशोर ने पुलिस-प्रशासन पर अपराध नियंत्रण के बजाय शराबबंदी और बालू माफिया से पैसा कमाने और अपराध को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया.
रिपोर्ट : ऋषिकेश