SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पीएम सूर्य घर योजना: अब नहीं आएगा भारी बिजली बिल! जानिए 1, 2 और 3 KW सोलर प्लांट पर केंद्र और राज्य सरकार से कितनी मिलेगी सब्सिडी

बिहार में सौर ऊर्जा क्रांति होने वाली है. केंद्र और राज्य सरकार ने इसके लिए अहम कदन उठाया है. पीएम सूर्य घर योजना के तहत अब 125 यूनिट मुफ्त बिजली के साथ राज्य सरकार अतिरिक्त की सब्सिडी मिलेगी.

Edited By Shailendra
Published: Oct 01, 2026, 05:03 PM IST | Updated: Oct 01, 2026, 05:31 PM IST
Image Credit: पीएम सूर्य घर योजना के तहत बिहार सरकार दे रही सब्सिडी (Photo-AI)
Join

बिहार में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और आम लोगों को बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. खास बात यह है कि बिहार में सोलर पैनल लगाने पर अब आपको भारी सब्सिडी मिलेगी क्योंकि सूबे में 1.38 लाख करोड़ रुपए से बिजली संकट खत्म करने की तैयारी पूरी है. लिहाजा, सरकारी सब्सिडी से घर पर सोलर लगाने की योजना अब रफ्तार पकड़ने लगी है.

बिजली उपभोक्ताओं को अतिरिक्त सब्सिडी
दरअसल, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब केंद्र सरकार के साथ-साथ बिहार सरकार भी उपभोक्ताओं को अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान कर रही है. इससे राज्य के विद्युत उपभोक्ताओं पर वित्तीय बोझ काफी कम हो जाएगा.

सम्राट कैबिनेट से इस पर मुहर भी लग गई
अक्षय ऊर्जा को लेकर विद्युत विभाग के कार्यपालक अधिकारी आलोक अमृतांशु ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में इस योजना के अंतर्गत केवल केंद्र सरकार की तरफ से सब्सिडी दी जा रही थी, जिसमें 1 किलोवाट के सोलर प्लांट पर 30,000 रुपए, 2 किलोवाट पर 60,000 रुपए और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के उपकरण पर 78,000 रुपए की वित्तीय सहायता मिलती थी. हालांकि, शुरुआती दौर में उपभोक्ताओं में इसके प्रति अपेक्षित उत्साह नहीं देखा गया. इसको ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार ने योजना को अधिक आकर्षक बनाने और लोगों को जागरूक करने के लिए अपनी ओर से अतिरिक्त सब्सिडी देने का फैसला किया है. सम्राट कैबिनेट से इस पर मुहर भी लग गई है.

बताया जा रहा है कि राज्य सरकार की तरफ से दी जा रही अतिरिक्त सहायता के बाद कुल सब्सिडी इस प्रकार होगी.

1 किलोवाट प्लांट: केंद्र की 30,000 + राज्य की 10,000 रुपए की सब्सिडी दी जाएगी यानी कुल 40,000 रुपए मिलेंगे.

2 किलोवाट प्लांट: केंद्र की 60,000 + राज्य की 20,000 रुपए सब्सिडी दी जाएगी यानी कुल 80,000 रुपए मिलेंगे.

3 किलोवाट या अधिक: केंद्र की 78,000 + राज्य की 20,000 रुपए सब्सिडी दी जाएगी यानी कुल 98,000 रुपए मिलेंगे.

उपभोक्ता संख्या दर्ज कर मुफ्त में पंजीकरण करना होगा
नेपाल और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित बगहा विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि योजना का लाभ उठाने की प्रक्रिया बहुत ही सरल और पारदर्शी है. इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण में उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर केवल अपनी उपभोक्ता संख्या (Consumer ID) दर्ज कर मुफ्त में पंजीकरण करना होगा.

हर प्रखंड मुख्यालय पर सोलर सेवा सेतु कैंप लगाए गए
वहीं, वेंडर चुनने की भी आजादी है, जिसके तहत पोर्टल पर 900 से अधिक वेंडर सूचीबद्ध हैं. उपभोक्ता अपनी सुविधानुसार किसी भी भरोसेमंद वेंडर का चयन कर सकते हैं. वरिष्ठ अधिकारी आलोक अमृतांशु ने बताया कि योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और उपभोक्ताओं की सहायता के लिए जिला प्रशासन समेत ब्लॉक स्तर पर नियमित कैंप आयोजित किए जा रहे हैं. वर्तमान में हर प्रखंड मुख्यालय पर सोलर सेवा सेतु कैंप लगाए गए हैं, जहां लोग जाकर योजना से जुड़ी पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और अपना पंजीकरण करवा सकते हैं.

बिहार ऊर्जा के क्षेत्र में और अधिक आत्मनिर्भर बनेगा
अधिकारियों का मानना है कि इस अतिरिक्त वित्तीय लाभ से लोग छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित होंगे, जिससे न केवल उनका बिजली बिल कम होगा, बल्कि बिहार ऊर्जा के क्षेत्र में और अधिक आत्मनिर्भर बनेगा. वहीं, बगहा के अलग-अलग क्षेत्रों के कई उपभोक्ताओं और अक्षय ऊर्जा लाभार्थियों ने भी माना है कि 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा के साथ सोलर प्लांट लगाने के बाद मीटर शून्य-शून्य पर अटका रह रहा है, जिससे उनके परिवार में खुशहाली के साथ बिजली बिल में बचत साफ तौर पर जाहिर हुई है. सरकार का यह सहयोग काबिले तारीफ है.

बिजली बचत के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी ये योजना
बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम भी मान रहे हैं कि देश और राज्य में एक ऐसी सरकार आई है, जो सबको साथ लेकर चलना और सबको आत्मनिर्भर बनाना चाहती है. निश्चित तौर पर यह सौर ऊर्जा क्रांति विद्युत बचत के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी.

रिपोर्ट: इमरान अजीज
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES