SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे: बिहार कैबिनेट ने दी बधाई, सीएम सम्राट चौधरी ने गिनाई उपलब्धियां

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर बिहार कैबिनेट की बैठक में एक खास विषय पर सहमति बनी है. वहीं, सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार कैबिनेट उनका हार्दिक अभिनंदन करती है.

Edited By Shailendra
Published: Oct 12, 2026, 05:58 PM IST | Updated: Oct 12, 2026, 06:08 PM IST
Image Credit: पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे: बिहार कैबिनेट ने दी बधाई (Z News)
Join

सीएम सम्राट चौधरी ने 12 अक्टूबर, 2026 दिन सोमवार को कैबनिट मीटिंग की. मीटिंग के बाद उन्होंने बिहार की जनता को संबोधित किया. अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार मंत्रिमंडल की ओर से एक महत्वपूर्ण मुद्दे पर सहमति प्रदान की गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर बिहार मंत्रिपरिषद उनका हार्दिक अभिनंदन करती है. साथ ही सहमति बनाई गई, जिसमें प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर बिहार की जनता की ओर से उन्हें बधाई दी गई और भारत सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया. राज्य और केंद्र के सहयोग से 2047 तक देश को स्वर्णिम भारत बनाया जाएगा.

उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर का दिन एक ऐतिहासिक दिन है. यह दिन स्पष्ट संदेश देता है कि राष्ट्र हित सर्वोपरि है. अगर जनसेवा समर्पण भाव से की जाए, तो जनता समर्थन करती है. 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेकर वे गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे. आज वे समर्पण भाव से देश और जनता की सेवा कर रहे हैं. सम्राट चौधरी ने कहा कि देश के सामने नागरिक की कठिनाइयों को पीएम नरेंद्र मोदी ने बहुत नजदीक से महसूस किया है. यही कारण है कि पक्के घर, शौचालय और साफ पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर काम किया गया.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के लिए विशेष तौर पर लंबे समय से अटके आधारभूत संरचना, पुल निर्माण और यूनिवर्सिटी जैसे संसाधन दिए गए. 7 करोड़ 5 लाख लोगों को जनधन खाते से जोड़ा गया. 2014 से अभी तक 55 लाख आवासों का निर्माण किया गया है, जो आजादी के बाद से 2014 तक के कार्यकाल से ज्यादा है.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मुख्य बातें यहां जानिए
सम्राट चौधरी ने कहा कि कैबिनेट की बैठक में एक खास विषय पर सहमति बनी है. मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर सरकार के प्रमुख के रूप में बिहार कैबिनेट उनका हार्दिक अभिनंदन करती है. बिहार के विकास के लिए पीएम के पिछले 12 वर्षों में किए गए सहयोग के लिए धन्यवाद. बिहार को विकसित भारत का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए संपूर्ण प्रयास किए जाएंगे, जिसमें इन्फ्रास्ट्रक्चर और नवाचार पर विशेष फोकस रहेगा.

उन्होंने कहा कि समाज का कोई भी वर्ग पीछे न छूटे, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. 8 करोड़ 57 लाख परिवारों को अन्न पहुंचाने का काम पीएम नरेंद्र मोदी जी ने किया है. बिहार में मेडिकल कॉलेजों की संख्या अब बढ़कर 31 हो गई है. पहले बिहार में 1310 सीटें थीं, और अब मेडिकल की 4710 सीटें हैं. राशन के साथ-साथ अब 5 लाख रुपये तक के इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड के जरिए सुविधा दी जा रही है.

बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में हमेशा यह चिंता रहती थी कि महिलाएं कैसे आगे बढ़ें. लखपति दीदी बनाने का काम जीविका दीदी के जरिए किया गया, जिसमें अब 50 लाख से ज्यादा महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं. 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के खातों में सीधी राशि भेजी गई. लोकसभा और विधानसभा में एक तिहाई आरक्षण देने के लिए बिल लाया गया. जो वर्ग छूट गया था और जिनका कोई आरक्षण नहीं था, वैसे वर्गों को ईडब्ल्यूएस (EWS) के तहत 10 फीसदी आरक्षण देने का काम किया गया.

सीएम ने आगे कहा कि डबल लेन रेलवे ब्रिज, सिक्स लेन मोकामा ब्रिज और गांधी सेतु पर जाम से राहत के लिए सुपर स्ट्रक्चर में बदलाव पीएम नरेंद्र मोदी के द्वारा कराया गया. गंगा नदी पर अभी आठ ब्रिज बन रहे हैं और कई ब्रिज प्रक्रियाधीन हैं. साहेबगंज और कटिहार के बीच पुल लगभग बन गया है. गांधी सेतु के समानांतर पुल निर्माणाधीन है, जो जल्द ही पूरा होगा. विष्णुपद मंदिर के लिए राशि उपलब्ध कराई गई है और बोधगया कॉरिडोर के लिए सहमति बन गई है.

अपने संबोधन में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कोशी-मोची लिंक का काम हो रहा है. कई एयरपोर्ट्स की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. पूर्णिया में कमर्शियल गतिविधि शुरू हो गई है. वाल्मीकिनगर, गोपालगंज और बेगूसराय समेत कई शहरों को योजना के तहत जोड़ा गया है. विकसित भारत 2047 का संकल्प तभी पूरा होगा, जब विकसित बिहार का संकल्प पूरा होगा.

रिपोर्ट: रजनीश

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES