SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

21 नवंबर को बिहार आएंगे पीएम मोदी: कच्ची दरगाह बिदुपुर 6 लेन पुल समेत कई प्रोजेक्टों का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे

बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत की सालगिरह और सरकार के एक साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए पीएम मोदी वैशाली आ रहे हैं. 20 नवंबर, 2025 को नीतीश कुमार ने शपथ ली थी और 21 नवंबर, 2026 को पीएम मोदी आ रहे हैं.

Reported By Zee Bihar Network Edited By Sunil Mishra
Published: Nov 09, 2026, 02:51 PM IST | Updated: Nov 09, 2026, 03:10 PM IST
Image Credit: पीएम मोदी 21 नवंबर को बिहार के दौरे पर आ रहे हैं. (File Photo)
Join

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार के वैशाली दौरे पर आ रहे हैं. पीएम मोदी के दौरे को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं. अपने दौरे में पीएम मोदी कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा वे बिहार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. पटना में एनडीए की प्रेस कांफ्रेंस में सोमवार को यह जानकारी दी गई. प्रेस कांफ्रेंस को प्रमुख रूप से बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने संबोधित किया. इस मौके पर लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्रवंशी मौजूद रहे.

READ ALSO: बिहारियों और भगवान श्रीराम पर टिप्पणी को लेकर गरमाई सियासत, संजय सरावगी का कांग्रेस पर तीखा हमला

खास बात यह है कि 20 नवंबर को एनडीए सरकार का एक साल पूरा हो रहा है और 21 नवंबर को पीएम मोदी का दौरा हो रहा है. मतलब सरकार बनने के ठीक एक साल बाद पीएम मोदी बिहार आ रहे हैं. प्रेस कांफ्रेंस में जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि पीएम मोदी के आगमन के बाद वैशाली की धरती नए कीर्तिमान रचेगी.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, 20 नवंबर को बिहार में एनडीए सरकार का एक साल पूरा होगा. इसके उपलक्ष्य में राजा पाकर प्रखंड में बड़ा कार्यक्रम होगा. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जब भी बिहार आते हैं, राज्य को कई सौगात देते हैं. बिहार के प्रति प्रधानमंत्री का समर्पण और विकसित बिहार का संकल्प लगातार देखने को मिला है.

एनडीए सरकार के एक साल होने के उपलक्ष्य में वैशाली में एक बड़ा जलसा रखा गया है, जिसमें पीएम मोदी शिरकत करने वाले हैं. एक साल पहले 20 नवंबर, 2025 को पटना के गांधी मैदान में ऐतिहासिक तैयारियों के बीच नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. तब पीएम मोदी भी इसमें शामिल हुए थे. पीएम मोदी के दौरे में कई विकास कार्यों के शुभारंभ और लोकार्पण की तैयारियां भी की जा रही हैं.

एक दिन पहले दिवाली पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा था कि पीएम मोदी के दौरे पर कई बड़ी घोषणाएं हो सकती हैं और उद्योगपतियों के साथ महत्वपूर्ण एमओयू साइन भी हो सकता है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दावा किया था कि बिहार में निवेश के लिए कई उद्योगपतियों ने दिलचस्पी दिखाई है.

रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES