पटना और रांची एयरपोर्ट का नया विंटर शेड्यूल जारी, पटना से 40 तो रांची से 31 फ्लाइट्स भरेंगी उड़ान
पटना एयरपोर्ट का विंटर शेड्यूल 25 अक्टूबर से लागू होगा. इस विंटर शेड्यूल के तहत कुल 40 जोड़ी उड़ानें संचालित होंगी. पहली बार पटना से भोपाल के लिए एक सीधी उड़ान शुरू की जाएगी. यह नया विंटर शेड्यूल 30 नवंबर तक लागू रहेगा, जिसके तहत पटना से 14 शहरों के लिए हवाई सेवाएं उपलब्ध होंगी.
पटना के जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और रांची के विरसा मुंडा एयरपोर्ट से यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. पटना एयरपोर्ट पर कल से यानी 25 अक्टूबर से विंटर शेड्यूल की शुरुआत होने जा रही है, जिसके तहत पटना एयरपोर्ट से रोजाना कुल 40 जोड़ी उड़ानों (आवागमन/प्रस्थान) का संचालन किया जाएगा. इस नए शेड्यूल में सबसे खास बात यह है कि पहली बार पटना से मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लिए सीधी फ्लाइट सेवा शुरू की जा रही है, जिससे दोनों शहरों के बीच का सफर करने वाले यात्रियों को बेहद आसानी होगी.
पटना से 40 फ्लाइटों का संचालन
मिली जानकारी के अनुसार, इस विंटर शेड्यूल में इंडिगो सबसे ज्यादा यानी कि कुल 27 फ्लाइटों का संचालन करने वाली है. इसके अलावा अन्य विमानन कंपनियां भी मिलकर कुल 40 उड़ानों के कोटे को पूरा करेंगी. इसी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) की 6 उड़ानें, एयर इंडिया की 3 उड़ानें, स्पाइसजेट की 2 से 7 उड़ानें, एलायंस एयर की 2 उड़ानें.
यात्रियों की मांग और आवागमन के दबाव को देखते हुए सबसे अधिक संपर्क देश की राजधानी दिल्ली के साथ रखा गया है. दिल्ली के लिए सबसे अधिक 14 उड़ानें उपलब्ध रहेंगी. बेंगलुरु के लिए 7, हैदराबाद के लिए 5 कोलकाता और मुंबई के लिए 4-4, चंडीगढ़ के लिए 3, पुणे और अहमदाबाद के लिए 2-2. वहीं, भुवनेश्वर, भोपाल, चेन्नई, लखनऊ, रांची और नवी मुंबई के लिए 1-1 उड़ानें निर्धारित की गई है. यह नया विंटर शेड्यूल फिलहाल 30 नवंबर तक प्रभावी रहने वाला है.
यह भी पढ़ें: ट्रेनों में नहीं मिल रहा टिकट, फ्लाइट का रेट 41 हजार तक पहुंचा: छठ पूजा पर घर कैसे जाएंगे बिहारी?
रांची एयरपोर्ट का विंटर शेड्यूल भी जारी
वहीं, रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट का विंटर शेड्यूल भी जारी हो गया है, जो 25 अक्टूबर 2026 से लागू हो जाएगा. नए शेड्यूल के तहत 31 जोड़ी उड़ाने तय की गई है. दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए उड़ानें शामिल हैं, जो सुबह से लेकर रात तक पूरे दिन संचालित होंगी. पहली निर्धारित उड़ान सुबह 7:15 बजे है, जबकि कोलकाता जाने वाली उड़ान रात 9:10 बजे के लिए तय की गई है. इनमें से ज्यादातर उड़ानें 25 अक्टूबर 2026 से 27 मार्च 2027 तक संचालित होंगी. हालाँकि, कुछ उड़ानों के लिए संचालन की तारीखें अलग-अलग तय की गई हैं.