त्योहारों का सीजन अब शुरू हो गया है. परिवार जुटते हैं और एक-साथ समय बिताने के लिए बाहर खाना खाने जाते हैं. ऐसे में आपको बेहतर खाने की क्वालिटी देने के उद्देश्य से बिहार में खाद्य सुरक्षा विभाग एक्शन मोड में आ गया है, ताकि समय रहते लापरवाही को सुधारा जा सकें. इसी क्रम में पटना में बीते दिन, यानी बुधवार (21 अक्टूबर) को KFC, Barbeque Nation और Pizza Hut समेत कई बड़े फूड आउटलेट्स का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान, खाद्य और पेय पदार्थों के भंडारण, रसोई की साफ-सफाई, वेज और नॉनवेज को अलग-अलग रखने की व्यवस्था, समेत अन्य खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई.
इस जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण में कमियां मिलीं. Barbeque Nation के बोरिंग रोड स्थित आउटलेट में बदबूदार 30 किलो पनीर और 4 किलो चावल जब्त कर नष्ट कराया गया, जबकि 15 किलो पैक्ड चिकन के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई.
वहीं, Barbeque Nation के वन मॉल आउटलेट में ब्रेड के पैकेट में कीड़े मिले और KFC के बोरिंग कैनाल रोड आउटलेट में औद्योगिक उपयोग वाले 835 पीईटी ग्लास के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई. खाद्य संरक्षा विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं.
साथ ही, कमियों में सुधार के लिए 14 दिनों का नोटिस जारी किया गया है. विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया है. अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा.
बता दें कि इससे पहले भी 10 अक्टूबर को पटना के पिस्ता हाउस और पाइरेट्स ऑफ ग्रिल में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया था. इस दौरान पिस्ता हाउस से कई एक्सपायरी मसाले जब्त किए गए थे. जब्त सामग्री की कीमत करीब 56,400 रुपए की थी. साथ ही, पाइरेट्स ऑफ ग्रिल से लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर समेत अन्य मसाले जब्त किए गए थे. इस दौरान प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए गए थे.
रिपोर्ट: शिवम राज