App

पटना सिटी में मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान खूनी वारदात, नाबालिग की गोली मारकर हत्या

पटना सिटी में मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान नाबालिग की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृत युवक का नाम कुंदन कुमार है. इस घटना के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल है. फिलहाल, पुलिस मौके पर मौजूद है और मामले की जांच कर रही है.

पटना सिटी में मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान खूनी वारदात, नाबालिग की गोली मारकर हत्या
Image Credit: पटना सिटी में मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान खूनी वारदात (जी मीडिया)

पटना सिटी में बुधवार रात (21 अक्टूबर, 2026) मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान गोली मारकर एक नाबालिग युवक की हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया और गाड़ियों में तोड़फोड़ की. इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प होने की खबर भी सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार, पूरी घटना पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र के पश्चिम दरवाजा मोड़ के पास की है.

मूर्ति विसर्जन के दौरान की घटना

मृतक की पहचान टिकिया टोली निवासी कुंदन ठाकुर के रूप में बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, कुछ युवकों ने विसर्जन के दौरान आर्केस्ट्रा ट्राॅली में तोड़फोड़ शुरू कर दी. फिर अपने साथ एक युवक को खींचकर गली में ले गए और उसपर हमला कर दिया, इस दौरान उसपर किसी ने गोली चला दी. इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी युवक को इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया. वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान कुंदन ने दम तोड़ दिया.

घटना के बाद इलाके में फैला तनाव

युवक की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. गुस्साए लोगों ने एक गाड़ी में तोड़फोड़ की. मौके पर पहुंची पुलिस को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. इस दौरान पुलिस और आक्रोशित लोगों के बीच झड़प हुई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हत्या के कारणों का पता लगाने और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

मामले को लेकर पूर्वी एसपी पटना, शैलजा ने बताया कि रात करीब साढ़े 9 बजे के आसपास खाजेकलां थानांतर्गत एक युवक को गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई. तत्परता दिखाते हुए खाजेकलां पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और युवक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया. ऐसी इंफॉर्मेशन है कि समिति के सदस्य की इसमें संलिप्तता हो सकती है. हम अभी इस मामले की जांच कर रहे हैं. आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है.

रिपोर्ट: प्रकाश कुमार सिन्हा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More