App

MLC चुनाव की वोटिंग से पहले नीरज कुमार से मिले नीतीश कुमार, घर जाकर जाना हाल

पटना स्नातक के जदयू समर्थित प्रत्याशी नीरज कुमार से मिलने नीतीश कुमार पहुंचे. नीरज कुमार बुधवार को स्वस्थ होकर अस्पताल से पटना अपने आवास पहुंचे थे. नीरज कुमार से मुलाकात कर नीतीश कुमार ने स्वास्थ्य संबंधी हाल-चाल पूछा.

MLC चुनाव की वोटिंग से पहले नीरज कुमार से मिले नीतीश कुमार, घर जाकर जाना हाल
Image Credit: जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार से मिले सीएम नीतीश कुमार (Z News)

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गुरुवार को पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना और शुक्रवार को होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं. नीरज कुमार को हाल ही में हार्ट संबंधी परेशानी के कारण पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालांकि, अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और वह घर पर आराम कर रहे हैं. उन्होंने बुधवार को चुनाव से पहले मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की थी. फिलहाल डॉक्टरों की सलाह पर वह आराम कर रहे हैं.

नीतीश कुमार ने उनके आवास पर पहुंचकर मुलाकात की. इस दौरान नीरज कुमार उनका स्वागत करने के लिए बिस्तर पर उठकर बैठ गए, लेकिन नीतीश कुमार ने उन्हें आराम करने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी. उनकी तबीयत के बारे में जानकारी लेने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने विधान परिषद (MLC) चुनाव में जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दीं.

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में नीरज कुमार ने नीतीश कुमार का आभार जताया और कहा कि उनके राजनीतिक जीवन को बनाने में नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उन्होंने कहा कि बीमारी की जानकारी मिलते ही नीतीश कुमार उनसे मिलने पहुंच गए और उन्हें पर्याप्त आराम करने की सलाह दी. 

नीरज कुमार ने यह भी कहा कि जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार पार्टी कार्यकर्ताओं की हमेशा चिंता करते हैं और उनके हालचाल की नियमित जानकारी लेते रहते हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव अपनी जगह है, लेकिन पार्टी सहयोगियों के प्रति नीतीश कुमार की संवेदनशीलता और चिंता काबिले-तारीफ है.

यह मुलाकात राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि यह बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतदान से ठीक एक दिन पहले हुई है. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार लगातार चौथी बार जीत हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं. 

जदयू ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की जानकारी साझा की. पार्टी ने बताया कि उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने नीरज कुमार के घर जाकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. पार्टी के अनुसार, नीतीश कुमार ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और विधान परिषद चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More