)
बांग्लादेश से नेपाल के रास्ते मोतिहारी पहुंच हाई क्वालिटी की फेक करेंसी रही है. 26 अक्टूबर सोमवार की रात मोतिहारी में करीब पांच लाख रुपये की फेक करेंसी के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया था, जिससे आईबी और एनआईए गहन पूछताछ कर रही है. बरामद फेक करेंसी की हाई क्वालिटी को देखकर मोतिहारी पुलिस ने अब इसकी जांच एनआईए को सौंपने की तैयारी शुरू कर दी है. मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि बरामद रुपये की क्वालिटी कुछ ऐसी है कि इसे आम लोग शायद पकड़ न सकें. इसका वाटरमार्क बिल्कुल असली जैसा है. फिलहाल, मोतिहारी पुलिस पूरे मामले को एनआईए को सौंप रही है. सोमवार को इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर नेपाल से फेक करेंसी लेकर मोतिहारी जाते मोटरसाइकिल सवार शेख अयनुल को मोतिहारी पुलिस ने सेमरा से गिरफ्तार किया था.

भारतीय रिजर्व बैंक यानी आरबीआई के अनुसार, 500 के असली नोट को पहचानने के मुख्य रूप से 3 तरीके हैं, जिन्हें नोट को देखकर, हिलाकर यानी तिरछा करके और छूकर परखा जाता है. इन तरीकों के तहत कुल 17 प्रमुख सुरक्षा विशेषताएं (Security Features) आती हैं.
इसके प्रकारों की बात करें, तो 2016 की नोटबंदी के बाद महात्मा गांधी नई सीरीज (Mahatma Gandhi New Series) का ही 500 रुपए का नोट चलन में है, जिसका बेस रंग स्टोन ग्रे (Stone Grey) है और इसका आकार 66 मिमी×150 मिमी है. चलिए जानते हैं कि 500 रुपए के नोट को जांचने के तीनों प्रकार और उनके मुख्य तरीकों के बारे में सबकुछ.
आर-पार मिलान (See-through Register)
नोट को रोशनी के सामने रखने पर नीचे बाईं तरफ लिखा '500' का अंक पूरी तरह साफ दिखाई देता है.
छिपी हुई तस्वीर (Latent Image)
महात्मा गांधी की तस्वीर के पास दाहिनी तरफ एक छिपी हुई पट्टी है, जिसमें नोट को 45-डिग्री के कोण पर देखने पर '500' लिखा नजर आता है.
देवनागरी में ५००
नोट पर देवनागरी लिपि में ५०० लिखा हुआ है.
वाटरमार्क (Watermark)
रोशनी में देखने पर महात्मा गांधी की मुख्य तस्वीर की एक हल्की परछाई (इलेक्ट्रोटाइप वाटरमार्क) खाली हिस्से में दिखाई देती है.
बढ़ते हुए नंबर (Number Panel)
नोट के ऊपर बाईं और नीचे दाहिनी तरफ के नंबर पैनल में अंक छोटे से बड़े होते हुए क्रम में छपे हैं.
सुरक्षा धागा (Security Thread)
नोट के बीच में मौजूद चमकीली पट्टी पर 'भारत' और 'RBI' लिखा होता है. नोट को थोड़ा तिरछा या मोड़ने पर इस धागे का रंग हरे से नीला (Green to Blue) हो जाता है.
रंग बदलने वाली स्याही (Color Changing Ink)
नीचे दाहिनी तरफ लिखा '₹500' का मूल्य भी नोट को झुकाने पर अपना रंग हरे से नीले में बदलता है.
यह तरीका विशेष रूप से दृष्टिबाधित (विजुअली इम्पेयर्ड) लोगों के लिए बनाया गया है, क्योंकि इसमें छपाई उभरी हुई (Intaglio Printing) होती है जिसे उंगलियों से छूकर महसूस किया जा सकता है.
उभरी हुई छपाई
महात्मा गांधी का चित्र, अशोक स्तंभ का प्रतीक, और गवर्नर के हस्ताक्षर छूने पर खुरदरे या उभरे हुए लगते हैं.
ब्लीड लाइन्स (Bleed Lines)
नोट के बाएं और दाएं किनारों पर 5 उभरी हुई तिरछी लाइनें होती हैं.
पहचान चिन्ह (Identification Mark)
दाहिनी तरफ अशोक स्तंभ के ठीक ऊपर एक उभरा हुआ गोल चक्र (Circle) बना होता है, जिसके अंदर छोटे अक्षरों में ₹500 लिखा होता है.
रिपोर्ट: पंकज कुमार