SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में NDA ने झोंकी पूरी ताकत, आनंद पुष्कर के समर्थन में उतरे दिग्गज

एनडीए प्रत्याशी आनंद पुष्कर के समर्थन में छपरा शहर के सिटी गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में सत्ता पक्ष के कई दिग्गज नेता जुटे. सिटी गार्डन में जुटे मंत्री, सांसद और विधायक, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और सरकार से समन्वय को चुनावी मुद्दा बनाया.

Edited By Shailendra
Published: Oct 17, 2026, 08:48 PM IST | Updated: Oct 17, 2026, 09:45 PM IST
Image Credit: सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में NDA ने झोंकी पूरी ताकत (Photo- वीडियो ग्रैब)
Join

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में एनडीए ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. एनडीए प्रत्याशी आनंद पुष्कर के समर्थन में 17 अक्टूबर, 2026 दिन शनिवार को शहर के सिटी गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में सत्ता पक्ष के कई दिग्गज नेता जुटे. एनडीए के चुनाव प्रभारी और विधायक रणधीर सिंह के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक छोटी कुमारी और विधान पार्षद वीरेंद्र नारायण यादव समेत कई नेताओं ने शिक्षकों से आनंद पुष्कर के पक्ष में मतदान करने की अपील की.

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का यह उपचुनाव शिक्षकों के अधिकार, वेतन, सेवा शर्तों, सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. एनडीए नेताओं ने अपने संबोधन में सरकार के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की बात कही. साथ ही आनंद पुष्कर को शिक्षकों और सरकार के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम बताते हुए उनके समर्थन में मतदान करने की अपील की.

रणधीर सिंह ने कहा- जीत की औपचारिकताएं ही बाकी

एनडीए के चुनाव प्रभारी एवं विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि आनंद पुष्कर को एनडीए के घटक दलों, पार्टी नेताओं और शिक्षकों का समर्थन मिल रहा है. उन्होंने दावा किया कि चुनाव में जिस तरह से उनके पक्ष में माहौल बन रहा है, उसे देखते हुए जीत की औपचारिकताएं ही बाकी रह गई हैं. उन्होंने शिक्षकों से एकजुट होकर एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की.

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी बोले- समन्वय से होगा समस्याओं का समाधान

बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार के साथ बेहतर समन्वय जरूरी है. उन्होंने कहा कि केवल प्रदर्शन और धरना देने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि सरकार के साथ संवाद और समन्वय के माध्यम से भी समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जा सकता है. उन्होंने आनंद पुष्कर के समर्थन में मतदान की अपील करते हुए कहा कि सरकार के कामकाज में सहयोग और शिक्षकों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका है.

जमा खान ने विकास से जोड़ा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव

अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान ने कहा कि बिहार के विकास को गति देने के लिए एनडीए प्रत्याशी आनंद पुष्कर की जीत आवश्यक है. उन्होंने कहा कि विकास की गति तेज करने के साथ शिक्षकों की समस्याओं का समाधान भी जरूरी है. सरकार और शिक्षकों के बीच बेहतर तालमेल से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल करने में मदद मिल सकती है.

शिक्षकों के मुद्दों पर टिका है चुनावी मुकाबला

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में शिक्षकों की समस्याएं और उनके हितों की पैरोकारी प्रमुख चुनावी मुद्दे बने हुए हैं. वेतन, सेवा शर्तों, सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों के बीच प्रत्याशी शिक्षकों का विश्वास हासिल करने में जुटे हैं. एनडीए ने अपने मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और संगठन के नेताओं को मैदान में उतारकर आनंद पुष्कर के समर्थन में प्रचार तेज कर दिया है. अब चुनाव में शिक्षकों का समर्थन किस प्रत्याशी को मिलता है, इसका फैसला मतदान के बाद होगा.

रिपोर्ट: राकेश सिंह

यह भी पढ़ें: भागपुर में जदयू को बड़ा झटका, पूर्व विधायक गोपाल मंडल के बेटे आशीष कांग्रेस में शामिल

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES