भूसे का बोरा...8 KG गांजा...3.70 लाख कैश, जब गोदाम में पुलिस ने मारा छापा तो उड़ गए होश, 3 तस्कर गिरफ्तार
नालंदा में गांजा तस्करी का पुलिस ने 8 सितंबर, 2026 दिन मंगलवार को भंडाफोड़ किया. पुलिस ने नगरनौसा में गोदाम से 8 किलो गांजा और 3.70 लाख कैश के साथ 3 तस्कर को गिरफ्तार किया है.
नालंदा जिला के नगरनौसा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी का बड़ा खुलासा किया है. नगरनौसा थाना पुलिस को सोमवार शाम की गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि नगरनौसा के कंचन भवन स्थित एक गोदाम में गांजा छिपाकर रखा गया है. यहीं से इसका कारोबार किया जा रहा है. सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हिलसा-1 के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोदाम की घेराबंदी कर तलाशी और छापेमारी की.
गोदाम के एक कमरे से 3 लाख 70 हजार रुपए नकद भी मिले
पुलिस को तलाशी के दौरान गोदाम के पश्चिमी हिस्से में भूसे के बोरे के पास लाल रंग के चोकर के बोरे में छिपाकर रखा लगभग 8 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ. वहीं, गोदाम के एक कमरे से 3 लाख 70 हजार रुपए नकद भी मिले, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया.
दो मोबाइल फोन और गांजा की बिक्री में इस्तेमाल होने वाली बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल फोन और गांजा की बिक्री में इस्तेमाल होने वाली दो मोटरसाइकिल भी बरामद की. पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एक अन्य आरोपी सुबोध कुमार को भी गिरफ्तार किया. साथ ही आरोपी के निशानदेही पर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही चार पहिया वाहन को भी बरामद किया गया.
बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था? पुलिस कर रही इसकी जांच
इस मामले में नगरनौसा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत संजय श्रीवास्तव, दीनानाथ प्रसाद और सुबोध कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे तस्करी का नेटवर्क कितना बड़ा है.
नालंदा में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा
27 अगस्त, 2026 को नालंदा पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया था. जिला के करायपरसुराय थाना क्षेत्र के अगार गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर इसका खुलासा किया था. पुलिस ने मौके से हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले 24 प्रकार के सामान और औजार के साथ अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए थे.
रिपोर्ट: ऋषिकेश कुमार