मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र से एक भाई-बहन को 2015 पुड़िया स्मैक और 2 लाख 10 हजार रुपये कैश के साथ गिरफ्तार किया गया है. वहीं, भारी मात्रा में बरामद स्मैक के बारे में दोनों भाई-बहन से पुलिस गहन पूछताछ कर पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रही है. बताया जा रहा है कि इन दोनों भाई-बहन के इस धंधे में आने से पहले उनकी मां ने इस कारोबार को खड़ा किया और उसके बाद दोनों भाई-बहनों ने इसे विरासत समझकर नशे के इस कारोबार को आगे बढ़ाने लगे थे.
दरअसल, मुजफ्फरपुर के सीनियर पुलिस अधिकारियों को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गायघाट थाना पुलिस ने क्षेत्र के हनुमान नगर स्थित अंशु कुमारी के घर पर छापेमारी की. पुलिस ने वहां से 2015 पुड़िया स्मैक बरामद किया. स्मैक का कुल वजन 2.435 ग्राम बताया जा रहा है और उसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है. दोनों भाई-बहन अंशु कुमारी और उसके भाई शिव शंकर कुमार को 2 लाख 10 हजार रुपये कैश के साथ गिरफ्तार किया गया.
बताया जा रहा है कि नशे की इस खेप को एक ड्रम में रखकर मिट्टी के नीचे दबाया गया था, जिसे ढूंढने में पुलिस के पसीने छूट गए थे. हालांकि, पुलिस ने हार नहीं मानी और मिट्टी के अंदर से नशे की इस बड़ी खेप को ढूंढ निकाला. अब पुलिस गिरफ्तार भाई-बहन से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नशे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और ये लोग कब से इसका कारोबार कर रहे थे. साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों भाई-बहन के अलावा इस कारोबार से और कौन जुड़ा हुआ है.
इस बारे में एसपी ग्रामीण राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि गायघाट थाना पुलिस की ओर से थाना क्षेत्र के हनुमान नगर स्थित एक घर में छापेमारी कर भारी मात्रा में स्मैक और तकरीबन 2 लाख 10 हजार रुपये कैश के साथ अंशु कुमारी और शिव शंकर कुमार नामक तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. उनसे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
इनपुट: मणितोष कुमार