मुजफ्फरपुर पाइपलाइन विस्फोट: श्रीनिवास की मौत के बाद आक्रोश, शव सड़क पर रखकर परिजनों का हंगामा... DM-SSP ने संभाला मोर्चा
मुजफ्फरपुर के गोबरसाही में गैस पाइपलाइन में हुए विस्फोट के बाद, मृतकों के परिजनों ने मुख्य मुजफ्फरपुर-पटना राजमार्ग को जाम कर दिया. जब उन्हें यह आश्वासन मिला कि निर्माण कंपनी के खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी, तब प्रदर्शनकारियों ने जाम हटाया.
मुजफ्फरपुर के गोबरसाही में पाइपलाइन विस्फोट में श्रीनिवास नामक एक स्थानीय युवक की मौत के बाद, उसके परिजनों और अन्य स्थानीय लोगों ने उसका शव पटना-मुजफ्फरपुर सड़क पर रख दिया, जिससे देर शाम यातायात बाधित हो गया. आक्रोशित लोगों ने नाला निर्माण कम्पनी और उसके ठेकदार पर एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर कई घंटो तक सड़क जाम रखा. जाम के कारण कई किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई थी और जाम में कई एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसे रहे.
जाम की सूचना मिलने पर स्थानीय सदर थाना पुलिस, डीएसपी और एसडीएम ईस्ट मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नाला निर्माण कम्पनी और ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे. जब SDM और पुलिस ने उनकी मांगों के अनुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, तो आक्रोशित लोग माने और सड़क जाम खत्म कर दिया.
नाला निर्माण का चल रहा था काम
यह घटना मुजफ्फरपुर जिले के गोबरसाही चौक के पास हुई, जहां सड़क निर्माण विभाग (RCD) द्वारा नाले के निर्माण के लिए JCB मशीन से खुदाई का काम चल रहा थ. इसी दौरान, जमीन के नीचे मौजूद गैस पाइपलाइन में एक जोरदार धमाका हो गया. इस धमाके से पूरा इलाका दहल गया और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई. दर्जनों घर और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. इस विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए.
मौके पर मची अफरा-तफरी
मृतक की पहचान 37 वर्षीय श्रीनिवास के रूप में हुई है, जो गोबरसाही के ही रहने वाले सेवानिवृत्त पुलिस सब-इंस्पेक्टर श्याम नंदन सिंह के बेटे थे. वह अपने बच्चों की स्कूल फीस जमा करके स्कूटर से घर लौट रहे थे, तभी यह विस्फोट हुआ. विस्फोट इतना जोरदार था कि उनका सिर धड़ से अलग हो गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति काट दी गई है और इलाके में गैस पाइपलाइन नेटवर्क को भी बंद कर दिया गया है.
नाले के निर्माण में लापरवाही का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर पुलिस, दमकल विभाग और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को काबू में किया. वहां शांति बनाए रखने और हालात को संभालने के लिए पुलिस का भारी बल तैनात किया गया है. जिलाधिकारी कुमार गौरव और एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे. जिलाधिकारी ने बताया कि घटना की जांच चल रही है. नाले के निर्माण के दौरान लापरवाही के आरोप लगे हैं, जिनकी भी जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. अब तक एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, मृतक की पहचान कर ली गई है. एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जबकि बाकी घायल लोगों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है.
रिपोर्ट: मणितोष कुमार
यह भी पढ़ें: JCB से कटी थी PNG लाइन, 5 KM दूर तक सुनी गई धमाके की आवाज, 5 प्वॉइंट में जानिए मुजफ्फरपुर हादसे का पूरा अपडेट