मुजफ्फरपुर में 55 दिन बाद किसलय हत्याकांड का खुलासा, पैसों के विवाद में दोस्तों ने की हत्या, एक गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर में 55 दिन बाद किसलय हत्याकांड का खुलासा हुआ है. पैसों के बंटवारे को लेकर दोस्तों ने उसकी हत्या कर शव रेवा नदी में फेंक दिया.पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, अन्य की तलाश जारी है.
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र से लापता युवक किसलय की हत्या का 55 दिनों बाद आखिरकार खुलासा हो गया है. पैसों के बंटवारे को लेकर दोस्तों ने ही किसलय की हत्या कर दी थी. इसके बाद सबूत छिपाने की नीयत से उसके शव को रेवा नदी में फेंक दिया गया. पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में पता चला कि किसलय की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके अपने दोस्तों ने ही की थी.
5 सितंबर को लापता हुआ था किसलय
लापता किसलय हत्याकांड का खुलासा करते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि 5 सितंबर को अहियापुर थाना क्षेत्र से 29 वर्षीय किसलय के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की सूचना थाने में दी गई थी. जब युवक घर वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आने लगा, तो परिजनों ने काफी खोजबीन की. इसी दौरान स्थानीय स्तर पर जानकारी मिली कि युवक को कलमबाग चौक और गन्नीपुर स्थित एक लॉज में देखा गया था. वहां अन्य व्यक्तियों के साथ उसका विवाद होने की बात भी सामने आई. इसके बाद परिजनों ने पुरानी रंजिश के तहत किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए अहियापुर थाना में शिकायत दर्ज कराई. हालांकि, लापता किसलय पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे. आशंका जताई जा रही थी कि किसी आपराधिक मामले में हिस्सेदारी के पैसों के बंटवारे को लेकर उसकी हत्या की गई है.
ये भी पढ़ें: 'पापा! अब कन्यादान कौन करेगा?' बेटी की शादी से ठीक एक महीने पहले पिता हत्या, समस्तीपुर में अपराधियों का तांडव
एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
घटना के संबंध में परिजनों की ओर से अहियापुर थाना में दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच और अनुसंधान शुरू किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ नगर-02 के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई. परिजनों की ओर से नामजद किए गए व्यक्तियों से पूछताछ की गई. इसके साथ ही युवक और उसकी मोटरसाइकिल की तलाश के लिए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी. पुलिस की टीम लगातार मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही थी.
पैसों के विवाद में दोस्तों ने की हत्या
इसी बीच गठित पुलिस टीम को जानकारी मिली कि लापता युवक किसलय की हत्या आपसी विवाद और पैसों के लेनदेन को लेकर उसके दोस्तों ने ही की थी. हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रेवा नदी में फेंक दिया गया था. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 30 अक्टूबर को घटना में संलिप्त एक आरोपी अनुकूल कुमार को पारू थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, मृतक का भी पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
रिपोर्ट: मणितोष कुमार