Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में बीते बुधवार की शाम नगर थाना क्षेत्र के चंदवारा इलाके में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया था. इसके बाद नगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी ललित कुमार को गिरफ्तार कर लिया और उसे कोर्ट में प्रस्तुत किया. नगर थाना पुलिस को दिए गए शिकायत में पीड़िता के परिजनों ने बताया कि नाबालिग द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ दुर्व्यवहार करते हुए जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गई. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
कोर्ट ने मानसिक स्थिति देखते हुए दी जमानत
न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी की मानसिक स्थिति को देखते हुए कोर्ट ने उसे जमानत दे दी. वहीं, घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद राजद ने अपने आधिकारिक पेज से ट्वीट कर बिहार सरकार पर सवाल खड़े किए हैं. राजद ने कहा कि मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र के चंदवारा में दिनदहाड़े नाबालिग को सड़क पर घसीटकर ले जाया जा रहा है. जब उसकी दो बहनों ने आरोपी का विरोध किया तो उन दोनों बहनों पर भी लोहे की रॉड से हमला किया गया. राजद ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर यह कैसी सुशासन की सरकार है.
विजय सिन्हा ने तेजस्वी यादव पर किया पलटवार
वहीं, कल मुजफ्फरपुर पहुंचे कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष लोगों की कही-सुनी बातों के आधार पर सवाल खड़े करते हैं. अगर वह घटनास्थल पर जाकर लोगों से मिलते और उनसे जानकारी लेकर सवाल खड़े करते तो सरकार और सजग होकर अपना काम करती. उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन की सरकार है और इस तरह की घिनौनी घटना को अंजाम देने वालों पर सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है. हाल के दिनों में भी इसका उदाहरण देखने को मिला है.
स्थानीय लोगों ने आरोपी की मानसिक स्थिति पर उठाए सवाल
वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी ललित कुमार की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है. वह उसी क्षेत्र में कपड़ों पर प्रेस करने का काम करता है. बताया जा रहा है कि इलाके के बच्चे अक्सर आरोपी ललित कुमार को चिढ़ाया करते थे और घटना वाले दिन भी बच्चे उसे चिढ़ा रहे थे. इसी दौरान एक नाबालिग छात्रा आरोपी के हत्थे चढ़ गई, जिसके साथ उसके द्वारा मारपीट की गई. हालांकि, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इसके बाद कोर्ट ने आरोपी की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे जमानत दे दी.
रिपोर्ट: मणितोष कुमार