SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मुजफ्फरपुर में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचीं जिला जज: बांटी 500 पैकेट राहत सामग्री

Muzaffarpur Flood: मुजफ्फरपुर के पारू प्रखंड के बाढ़ प्रभावित जयमल डुमरी पंचायत में जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्वेता कुमारी सिंह ने पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना. उन्होंने करीब 500 पैकेट राहत सामग्री बांटी और पानी निकासी समेत राहत व्यवस्था को लेकर प्रशासन को जरूरी कदम उठाने की बात कही.

Reported By Zee Bihar Network Edited By Rupak Kumar
Published: Oct 06, 2026, 06:21 AM IST | Updated: Oct 06, 2026, 06:32 AM IST
Image Credit: मुजफ्फरपुर में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचीं जिला जज (zee media)
Join

Muzaffarpur Flood: मुजफ्फरपुर जिला के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्वेता कुमारी सिंह बाढ़ प्रभावित पारू प्रखंड के जयमल डुमरी पंचायत गांव पहुंचीं और बाढ़ पीड़ितों का हाल-चाल जाना. उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और परेशानियों की जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के बीच लगभग 500 पैकेट राहत सामग्री का वितरण किया. राहत सामग्री में त्रिपाल, साड़ी, गमछा, गंजी, चादर, मच्छरदानी समेत अन्य जरूरी सामान शामिल थे. उन्होंने लोगों से उनकी मौजूदा स्थिति और राहत कार्यों के बारे में भी जानकारी ली.

मुखिया से बातचीत कर जानी इलाके की स्थिति
इस दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने पंचायत के मुखिया छोटे सिंह से भी बातचीत की. उन्होंने बाढ़ के कारण उत्पन्न समस्याओं और उनके समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली. मुखिया ने उन्हें इलाके की स्थिति से अवगत कराया. मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तेज कुमार प्रसाद, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पारू थानाध्यक्ष, मुखिया समेत कई पारा लीगल वालंटियर मौजूद रहे.

बीमारी फैलने का खतरा
बाढ़ पीड़ितों और मुखिया से बातचीत के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्वेता सिंह ने कहा कि बाढ़ के कारण यहां स्थिति काफी खराब है और अभी बहुत कुछ करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि इलाके में बीमारी फैल सकता है. ऐसे में प्रशासन को और बेहतर व्यवस्था करने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि फिलहाल सबसे बड़ी जरूरत पानी की निकासी की व्यवस्था करना है. जिला प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्था प्रारंभिक है और अभी कई स्तरों पर और काम करने की जरूरत है.

कमियों की होगी समीक्षा
उन्होंने कहा कि यह भी देखने की जरूरत है कि ऐसी स्थिति क्यों उत्पन्न हुई और इसमें क्या कमियां रहीं. इन सभी बिंदुओं को लेकर वह प्रशासन के साथ बैठकर समीक्षा करेंगी. उन्होंने कहा कि सबसे पहले पानी की निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है. इसके साथ ही लोगों को शांति व्यवस्था बनाए रखने की जरूरत है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

रिपोर्ट: मणितोष कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES