सफारी को चीरते हुए अंदर घुसा पिलर, दूसरा 30 फीट दूर उखड़कर गिरा, अगर एयरबैग ना होता तो फिर...
मिर्जाचौकी फोरलेन पर बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां पर तेज रफ्तार सफारी ने पिलर में जबरदस्त टक्कर मार दी. कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे लोगों को शीशा तोड़कर बाहर निकाला. एयरबैग खुल जाने से दो लोगों की जान बची.
मुंगेर जिला के मिर्जाचौकी फोरलेन सड़क पर बुधवार की देर शाम एक भयावह सड़क हादसा हो गया. बरियारपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर-रतनपुर के बीच तेज रफ्तार टाटा सफारी अनियंत्रित होकर सड़क बैरिकेडिंग के लिए लगाए गए पिलर से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिलर उखड़कर करीब तीस फीट दूर जा गिरा. वहीं एक पिलर गाड़ी के ऊपरी हिस्से को फाड़ते हुए अंदर घुस गया. गाड़ी के परखच्चे उड़ गए, लेकिन एयरबैग खुल जाने की वजह से दोनों यात्रियों की जान बच गई. हादसे में महिला का पैर टूट गया, जबकि चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं.
जानकारी के अनुसार, बांका जिले के शंभूगंज थाना इलाके की रहने वाली प्रिया कुमारी और कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले रंजन तिवारी खगड़िया से शंभूगंज जा रहे थे. दोनों टाटा सफारी में सवार थे. जैसे ही उनकी गाड़ी बरियारपुर-रतनपुर के बीच पहुंची, अचानक चालक का गाड़ी पर से नियंत्रण हट गया. तेज रफ्तार गाड़ी सीधे सड़क की बैरिकेडिंग के लिए लगाए गए पिलर से जा टकराई. गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. एक पिलर गाड़ी की छत को चीरते हुए अंदर तक घुस गया, जबकि सामने वाला पिलर धक्का लगने के बाद करीब तीस फीट दूर जा गिरा. बगल का एक और पिलर भी उखड़कर दूर जा गिरा.
हादसा इतना भयावह था कि गाड़ी के दरवाजे जाम हो गए और दोनों यात्री अंदर ही फंस गए. मौके पर पहुंची हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी का शीशा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला. पुलिस ने तुरंत घायलों को बरियारपुर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती करवाया. वहां प्रिया कुमारी का पैर टूटा हुआ पाया गया, जबकि रंजन तिवारी को भी कई जगह चोटें आई हैं. दोनों का इलाज चल रहा है.
हाईवे पेट्रोलिंग के इंचार्ज जयप्रकाश चौधरी और चालक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी. उन्होंने बताया कि गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी. अगर एयरबैग नहीं खुला होता तो बड़ा हादसा हो सकता था. दोनों की जान एयरबैग की वजह से ही बची है. पुलिस ने सड़क पर बिखरे मलबे को हटाकर यातायात सामान्य कराया.
वहीं, इस घटना के कुछ ही मिनट बाद उसी जगह एक और हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि बारात जा रही एक गाड़ी भी उसी पिलर से टकरा गई. इस हादसे में एक व्यक्ति का सिर फट गया और गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई. लगातार दो हादसों के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस ने दूसरे हादसे में घायल व्यक्ति को भी इलाज के लिए भेजा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर आए दिन हादसे हो रहे हैं. सड़क नई बनी है, इसलिए वाहन चालक तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हैं. कई जगहों पर बैरिकेडिंग और पिलर लगे हैं, लेकिन रात के समय और तेज रफ्तार में चालकों को इसका अंदाजा नहीं लग पाता. लोगों ने प्रशासन से इस जगह पर स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है.
पुलिस का कहना है कि दोनों हादसों की जांच की जा रही है. गाड़ियों की रफ्तार और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. घायलों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: प्रशांत किशोर
यह भी पढ़ें: दुकान की बिक्री बनी दुश्मनी की वजह? जमुई में रस्सी से बांधा, कपड़े फाड़े और ब्लाउज पहनाकर युवक को पीटा