)
जमुई जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रा गांव में चोरी के आरोप में एक युवक के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है. आरोप है कि युवक के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई. इतना ही नहीं, उसके कपड़े फाड़कर ब्लाउज पहनाया गया और जेब में चेन रखकर चोरी का आरोप लगाया गया. घटना का वीडियो बुधवार को इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है. पीड़ित की पहचान विकास कुमार दास के रूप में हुई है.
आपसी रंजिश में लगाया चोरी का आरोप, पिता से की मारपीट
बताया जाता है कि 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे विकास को घर से घुमाने के बहाने ले जाया गया था. इसके बाद उसे बंधक बनाकर मारपीट की गई. पीड़ित की पत्नी शोभा देवी ने आरोप लगाया है कि गांव के दिनेश यादव और मुकेश यादव ने पिता लालजीत यादव के साथ दुकान की बिक्री को लेकर पहले विवाद हुआ था. इसी रंजिश में उनके पति को चोरी के आरोप में निशाना बनाया गया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानित किया गया.
दुकान की बिक्री को लेकर शुरू हुआ था विवाद
शोभा देवी के अनुसार, वे गांव में चाऊमीन और पकौड़े की दुकान चलाते हैं. पास में ही दिनेश यादव और मुकेश यादव की भी दुकान है. उनकी दुकान पर अधिक ग्राहक आते थे, जबकि दूसरी दुकान पर बिक्री कम होती थी. इसी बात को लेकर आरोपित पक्ष नाराज था. घटना से दो दिन पहले दुकान की बिक्री को लेकर कहासुनी हुई थी. इस दौरान जाति को लेकर भी अपमानजनक बातें कही गई थीं. हालांकि, उस समय उन्होंने इसे मजाक समझकर नजरअंदाज कर दिया था, लेकिन दो दिन बाद ही उनके पति के साथ मारपीट की घटना हो गई.
रात एक से तीन बजे तक युवक को पीटने का आरोप
विकास के बाबा सहदेव रविदास ने बताया कि 12 नवंबर की रात उसे घर से ले जाने के बाद करीब रात एक बजे से तीन बजे तक मारपीट की गई. उस पर चोरी का आरोप लगाया गया था. मारपीट में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज कराने में परेशानी हो रही थी. लिहाजा, गांव और समाज के लोगों ने चंदा जुटाकर आर्थिक मदद की, जिसके बाद निजी क्लिनिक में उसका इलाज शुरू कराया गया. परिजनों के अनुसार, विकास की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है.
घटना के आठ दिन बाद पत्नी ने दिया आवेदन
मामले में पीड़ित की पत्नी शोभा देवी ने 20 नवंबर को एससी-एसटी थाना, जमुई में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की. उन्होंने बताया कि पति के इलाज में व्यस्त रहने के कारण आवेदन देने में देरी हुई. एससी-एसटी थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया कि मामले में कांड संख्या 38/26 दर्ज कर लिया गया है. पुलिस घटना की जांच कर रही है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और आरोपित फरार बताए जा रहे हैं.
पुलिस की लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई: एसपी
एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि छठ पर्व के आसपास की यह घटना उनके संज्ञान में आई थी. छानबीन में पता चला कि कर्रा गांव में विकास कुमार दास के साथ मारपीट की घटना को लेकर एससी-एसटी थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई है. सूचना के अनुसार, घटना के दिन विकास स्थानीय थाना भी गए थे. उन्हें काफी चोट लगी थी, जिसके बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया था. एसपी ने कहा कि फिलहाल प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. यदि मामले में पुलिस की कोई लापरवाही सामने आती है तो संबंधित पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी.
(जमुई से अभिषेक निर्ला की रिपोर्ट)