मुंगेर में दिल दहला देने वाली वारदात: पूर्व लोको पायलट ने की पत्नी की हत्या, बच्चियों के साथ खुद थाने पहुंचा और किया सरेंडर
मुंगेर में रेलवे के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी. हत्या के बाद, आरोपी पति पुलिस स्टेशन पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने घटनास्थल से एक चाकू, वायर और सिलबट्टा बरामद किया.
मुंगेर जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां कल (11 नवंबर, 2026) देर रात एक महिला की उसके मानसिक रूप से अस्थिर पति ने हत्या कर दी. यह मामला तब सामने आया जब आरोपी पति जमालपुर के आदर्श थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है. व्यक्ति की बात सुनकर पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची, कमरे का गेट खोला तो महिला का शरीर पूरी तरह से खून से लथपथ था और उसकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने देखा कि आरोपी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी थी. महिला के गले पर चाकू के निशान थे और शव के पास पत्थर की सिल (सिलबट्टा) और एक वायर भी मिला है. घटना के बाद पुलिस ने मृतका के परिवार को सूचित किया, जिसके बाद आज उसके भाई, मां और अन्य रिश्तेदार मुंगेर सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम केंद्र पहुंचे.
भाई ने कहा- बहन को किया जा रहा था प्रताड़ित
मृतका के भाई शुभम ने बताया कि बीती देर रात पुलिस ने जानकारी दी कि आपकी बहन की हत्या कर दी गई है. हत्या आपके जीजा ने बेरहमी से कर दी है और वह पुलिस हिरासत में है. जिसके बाद आज हम लोग सुबह मुंगेर पहुंचे. शुभम ने बताया कि दो दिन पहले बहन से बात हुई थी, लेकिन उसने कुछ ऐसी बात नहीं बताई थी. उन्होंने कहा कि हमारी बहन पूजा देवी को जीजा दशरथ मंडल, उसके भाई गौतम मंडल और दूर के रिश्ते में रहने वाली बहन नीलम देवी प्रताड़ित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि कुछ माह पहले जीजा और बहन ने मानसिक रूप से प्रताड़ित और मारपीट भी की थी, इसी मामले को लेकर मुंगेर पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई
5 साल से पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
उन्होंने बताया कि शादी के बाद से दहेज को लेकर लगातार जीजा, बहन को प्रताड़ित और मारपीट करता रहता था. उन्होंने बताया कि दो माह पूर्व दशरथ मंडल ने वीआरएस (VRS) ले लिया था क्योंकि उसे शक था कि हमारी बहन उसकी सारी संपत्ति ले लेगी. भाई ने बताया कि नीलम देवी नहीं चाहती थी कि मेरी बहन का घर बसे. वहीं, मृतका के ममेरे भाई ने बताया कि जब हमें जानकारी मिली, तो हम लोग घटनास्थल पर पहुंचे. घटनास्थल पर जमालपुर थाने की पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम पहुंची हुई थी और साक्ष्यों को एकत्र कर रही थी. उन्होंने बताया कि पांच सालों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था. वहीं, एक माह पूर्व बहन के पिता की मौत के बाद दोनों के बीच रिश्ता सुधर गया था और सब कुछ अच्छा चल रहा था, लेकिन बीती रात जीजा ने बहन की बेरहमी से हत्या कर दी.
आरोपी पति ने 2 महिने पहले लिया था वीआरएस
मिली जानकारी के अनुसार, भागलपुर जिले के इशाकचक निवासी अमर कुमार ने अपनी बड़ी बेटी पूजा देवी की शादी वर्ष 2015 में मुंगेर जिले के धरहरा प्रखंड के इटवा निवासी दशरथ मंडल से कराई थी. दशरथ मंडल मालदा डिवीजन जमालपुर रेलवे में लोको पायलट के रूप में कार्यरत थे और दो माह पूर्व वीआरएस ले चुके थे. वे अपनी पत्नी पूजा देवी और दो बेटियों (10 वर्षीय श्रीनिका और 7 वर्षीय इशिका) के साथ जमालपुर के सदर बाजार फाड़ी के पास किराए के मकान में आठ साल से रह रहे थे. दंपती किराए के घर की तीसरी मंजिल पर रहता था.
आरोपी पति ने किया आत्मसमर्पण, जांच जारी
आरोपी पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर कमरे में ताला लगाकर दोनों बच्चों को लेकर थाने में आत्मसमर्पण कर दिया. फिलहाल, पुलिस दोनों बच्चियों से पूछताछ कर रही है. मामले को लेकर जमालपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी पति ने आत्मसमर्पण कर दिया है. घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद किया गया है. हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. वहीं, मृतिका के परिजनों ने कोई आवेदन नहीं दिया है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पति को जेल भेजा जाएगा.
रिपोर्ट: प्रशांत कुमार
यह भी पढ़ें: पूर्णिया में IB का एक्शन: संदिग्ध युवक हिरासत में... हैदराबाद, पश्चिम बंगाल और पाकिस्तान तक तार जुड़े होने की आशंका