SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'सूखा नशा' के खिलाफ मोतिहारी पुलिस का प्रचंड प्रहार: अक्टूबर में 35 मामले दर्ज, 51 तस्कर गिरफ्तार और करोड़ों के नशीले पदार्थ जब्त

पिछले हफ्ते सम्राट चौधरी की सरकार ने ​पूरे बिहार में सूखे नशे के खिलाफ अभियान की शुरुआत की थी. अब मोतिहारी पुलिस ने पूरे अक्टूबर महीने में सूखे नशे के खिलाफ हुई कार्रवाई का ब्योरा दिया है.

Reported By Zee Bihar Network Edited By Sunil Mishra
Published: Nov 04, 2026, 04:15 PM IST | Updated: Nov 04, 2026, 04:26 PM IST
Image Credit: नशे के खिलाफ मोतिहारी पुलिस की कार्रवाई (ZEE Bihar)
Join

मोतिहारी पुलिस ने अक्टूबर में सूखे नशे (मादक पदार्थों) के अवैध कारोबार के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की है. इससे नशे के सौदागरों में हड़कंप मच गया है. अक्टूबर में पुलिस ने कुल 35 केस दर्ज किए और 51 लोगों को गिरफ्तार किया. इनमें 48 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं. इस दौरान 205.953 किलोग्राम गांजा, 12.886 किलोग्राम चरस, 50.566 ग्राम स्मैक, 3,252 पीस नशीली इंजेक्शन, 206  ऑनरेक्स कप सिरप, 80 पीस गोगो बरामद किए गए.

पुलिस ने हरसिद्धि थानाक्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा और हजारों की संख्या में नशीली इंजेक्शन बरामद किए. रक्सौल, आदापुर और महुआवा क्षेत्रों में नेपाल के सीमावर्ती इलाकों से जुड़े तस्करों और संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी गई, जहां से चरस, स्मैक और भारी मात्रा में गांजा के साथ कई अंतराष्ट्रीय तस्करों व सहयोगियों को दबोचा गया.

READ ALSO: बिहार में नशीले पदार्थों के खिलाफ कड़ा रुख, मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक, नशीले पदार्थों की जब्ती और सजा के मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

नगर थाना, सुगौली, बंजरिया, कोटवा, मेहसी, चिरैया और पकड़ीदयाल सहित अन्य थानों की पुलिस ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया. जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में किसी भी कीमत पर अवैध नशीले पदार्थों का कारोबार फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा. युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाने के लिए यह विशेष अभियान आने वाले दिनों में और अधिक कड़ाई से जारी रहेगा.

मोतिहारी पुलिस की यह कार्रवाई एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर के बीच की बताई जा रही है. पुलिस की कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई और इसमें अप्रत्याशित सफलता भी मिली. पूर्वी चंपारण में नशे के खिलाफ कार्रवाई में पाया गया कि नेपाल सीमा से सटे होने के कारण इस जिले में यह कारोबार फैल रहा है. पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

बुधवार को राज्य सरकार की ओर से मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने भी नशे के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की. बैठक में पुलिस महानिदेशक, बिहार श्रीमती प्रीता वर्मा, प्रधान सचिव (गृह विभाग) श्री पंकज कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) श्री रत्न संजय, और विशेष सचिव (गृह विभाग) श्री क्षत्रनील सिंह उपस्थित रहे.

बैठक में पेश किए गए आंकड़ों के अनुसार, 2026 (27 अक्टूबर तक) में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 4,232 मामले दर्ज किए गए हैं और 6,104 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई. यह 2025 के कुल 2,583 मामलों और 3,562 गिरफ्तारियों की तुलना में काफी अधिक है. 2023 से 27 अक्टूबर 2026 तक राज्य भर में कुल 11,347 मामले दर्ज कर 13,543 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

2026 में जब्त किए गए मादक पदार्थों में अब तक 46,549.95 किग्रा गांजा, 149.696 किग्रा हीरोइन/ब्राउन शुगर/स्मैक, 11,56,380 नशीली गोलियां व कैप्सूल, 4,92,870 नशीले इंजेक्शन और 5,11,988 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप (CBCS) शामिल हैं.

मोतिहारी से पंकज कुमार की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES