मोतिहारी की ये दो तस्वीरें इस बात की पुष्टि करती हैं कि वह दिन दूर नहीं, जब राजनेताओं को चुनाव के दौरान किए गए अपने वादे हर हाल में पूरे करने ही पड़ेंगे. अक्सर ऐसा होता है कि चुनाव के दौरान किए गए कई वादे, बस वादे ही बनकर रह जाते हैं. लेकिन मोतिहारी में नेता से जिस तरह सीधे सवाल पूछे जा रहे हैं, उससे लगता है कि आने वाले दिनों में उन्हें अपने वादों को सच में पूरा करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है. बता दें कि मोतिहारी के Gen Z अब जागरूक हो रहे हैं.
चुने गए प्रतिनिधि चुनाव जीतने के बाद अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्य करना भूल गए हैं. वहीं, अब 'जेन जी' (Gen Z) इन जनप्रतिनिधियों को रोककर उनसे विकास के बारे में सीधे सवाल पूछ रहा है और उन्हें उन वादों की याद दिला रहा है जो उन्होंने चुनाव के दौरान किए थे. मोतिहारी से ऐसी दो तस्वीरें सामने आई हैं जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. कुछ दिन पहले, कुछ युवाओं ने चिरैया के विधायक लालबाबू गुप्ता की गाड़ी को रोका और उन्हें सड़क निर्माण का काम पूरा करने की याद दिलाई.
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि 'जेन जी' (Gen Z) के सदस्य विधायक लालबाबू गुप्ता से सवाल कर रहे हैं कि अगर एक मुखिया सड़क बनवा सकता है, तो आप एक विधायक होने के नाते ऐसा क्यों नहीं कर सकते? इस वीडियो को देखकर यह साफ है कि मोतिहारी के 'जेन जी' राजनीतिक रूप से जागरूक हो गई है. अब विधायक हो या सासंद, विकास के नाम पर चुनाव जीतते हैं तो विकास करना पड़ेगा. नहीं तो जगह-जगह Gen Z ऐसे ही सवाल पूछते रहेंगे.
दूसरा मामला सुगौली विधानसभा क्षेत्र का है. जहां कुछ 'Gen Z' युवा सुगौली विधानसभा के विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता को रोक कर नदी के कटाव पर सवाल कर रहे हैं. ये 'GEN Z' सुगौली विधायक बबलू गुप्ता को याद दिला रहे हैं कि आपने कहा था कि सिकरहना नदी के कटाव का निरीक्षण करेंगे, उससे निजात दिलाएंगे. हमारे 50 घर प्रभावित है, आप अभी तक झांकने नहीं गए. Gen Z के एक सवाल का सामना करते हुए, विधायक इतने घबरा गए मानो 'जेन जी' उनकी पूरी जिंदगी का कच्चा-चिट्ठा खोलने वाले हों. वहीं, विधायक साहब GEN Z को मूंछ और दाढ़ी नहीं होने का हवाला देकर, बच्चा बता कर नाकामी छिपाने के प्रयास भरपूर प्रयास करते दिख रहे थे.
रिपोर्ट: पंकज कुमार