मोतिहारी में साइबर फ्रॉड गिरोह का आतंक सामने आया है. साइबर सरगना के इशारे पर एक युवक की पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. युवक की पिटाई के बाद उससे साइबर फ्रॉड छोटन सिंह के पांव पर गिरा कर माफी भी मंगवाया जा रहा है. वीडियो में साइबर फ्रॉड छोटन सिंह हाथों में पिस्टल लिए हुए भी दिखाई दे रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र का है.
मनोज यादव नाम के युवक को पहले स्कॉर्पियो से उठाकर लाया गया, फिर उसकी जमकर पिटाई की गई. साइबर फ्रॉड का इससे भी मन नहीं भरा, तो युवक को चाकू से जख्मी भी किया गया, पिस्टल से भी पिटाई की गई. पिटाई करने के बाद पीड़ित को रातभर साइबर फ्रॉड गिरोह ने अपने पास रखा, फिर दूसरे दिन घायल मनोज को मुक्त किया गया. घटना के बाद घायल ने कल्याणपुर थाना में FIR दर्ज करवाया है, जिसके बाद पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए सरगना छोटन सिंह पर पांच हजार रुपया के इनाम की घोषणा कर दिया गया है.
आरोप है कि शराब माफिया सौरभ ने मनोज यादव का स्कॉर्पियो से अपहरण किया फिर उसे दरमाहा के जंगल में लेते गया जहां पर साइबर फ्रॉड सरगना छोटन सिंह के सामने मनोज यादव की बेदर्दी से पिटाई की गई. फिर चाकू से जख्मी कर दिया गया. मनोज यादव जब बेहोश हो गया तो उसे रातभर अपने पास रखकर एक स्थानीय डॉक्टर से उसका इलाज भी करवाया गया. दूसरे दिन होश आने पर घायल मनोज यादव को उसके गांव में ले जाकर फेंक दिया गया.
सूत्रों की माने, तो साइबर सरगना छोटन सिंह मुखिया का चुनाव लड़ना चाहता है, जिसके लिए वह इलाके में दहशत बनाना चाहता है. चर्चा है कि साइबर सरगना छोटन सिंह पूर्व में भी कई लोगों की पिटाई कर चुका है, पर उसके दहशत के कारण किसी ने भी एफआईआर दर्ज नहीं करवाया था. इसी दहशत को कायम करने के लिए छोटन सिंह के इशारे पर शराब माफिया सौरभ ने मनोज को उसके खेत से उठाया और दरमाहा जंगल में लेता गया जहां पर साइबर सरगना छोटन सिंह अपने गुर्गो के साथ इंतजार कर रहा था.
रिपोर्ट: पंकज कुमार