App

रसोई में गंदगी, बासी आटा और गोदाम में 3 नाबालिग मजदूर, बड़े फूड ब्रांड्स पर प्रशासन का एक्शन, मोतिहारी में हड़कंप

मोतिहारी की धरती पर 4 नवंबर बुधवार को प्रशासन की एक बड़ी कार्रवाई ने शहर के रेस्टोरेंट कारोबारियों और बड़े ब्रांड्स में हड़कंप मचा दिया है. जब खाद्य सुरक्षा और प्रशासनिक टीम ने मोतिहारी शहर रेड मार दी. इस दौरान रसोई में गंदगी, बासी आटा और गोदाम में नाबालिग मजदूर मिले.

रसोई में गंदगी, बासी आटा और गोदाम में 3 नाबालिग मजदूर, बड़े फूड ब्रांड्स पर प्रशासन का एक्शन, मोतिहारी में हड़कंप
Image Credit: मोतिहारी में बड़े फूड ब्रांड्स पर प्रशासन का शिकंजा (Z News)

'ऊंची दुकान, फीका पकवान वाली कहावत' आज उस वक्त चरितार्थ हो गई जब सदर एसडीएम के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा और प्रशासनिक टीम ने मोतिहारी शहर के प्रतिष्ठित और बहुचर्चित रेस्टोरेंटों पर अचानक छापेमारी की. ​साईं रेस्टोरेंट ने एसडीएम को देखते ही रसोई का शटर गिराया​. निरीक्षण के दौरान सबसे चौंकाने वाला नजारा शहर के चर्चित साईं रेस्टोरेंट में देखने को मिला. प्रशासनिक टीम और एसडीएम की गाड़ी को देखते ही रेस्टोरेंट के कर्मचारियों में भगदड़ मच गई. कार्रवाई और पोल खुलने के डर से कर्मचारियों ने आनन-फानन में रसोई घर बंद कर दिया. हालांकि, टीम की मुस्तैदी के आगे उनकी यह चालाकी काम न आई और प्रशासनिक अधिकारियों ने अंदर दाखिल होकर रसोई की स्थिति का जायजा लिया.

​डोमिनोज और KFC पर लगा जुर्माना, बासी आटा और इस्तेमाल किया तेल

ब्रांड और चमक-धमक का दावा करने वाले अंतरराष्ट्रीय फूड आउटलेट्स की हकीकत भी इस निरीक्षण में खुलकर सामने आ गई. डोमिनोज (Domino's) और केएफसी (KFC) जैसे प्रसिद्ध रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही थीं. हाइजीन और साफ-सफाई के दावों के विपरीत रसोई घर में भारी गंदगी पाई गई.

निरीक्षण करने वाले सदर एसडीएम अरुण पांडेय ने बताया कि डोमिनोज और KFC में ​बासी आटा और पुराना तेल: रसोई से उपयोग किया हुआ बासी आटा/मैदा बरामद किया गया, जिसे ग्राहकों को परोसने की तैयारी थी. इसके अलावा, एक बार इस्तेमाल हो चुके तेल का बार-बार पुनः उपयोग (Re-used Oil) किया जा रहा था, जो सेहत के लिए बेहद हानिकारक है. ​

प्रशासनिक एक्शन, ब्लिंकिट के गोदाम पर छापा

मानकों का उल्लंघन करने और जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने के मामले में डोमिनोज और KFC पर मौके पर ही जुर्माना (Fine) लगाया गया. बिना फायर सेफ्टी के काम चल रहा था. ​खाद्य प्रतिष्ठानों के बाद प्रशासनिक टीम ने त्वरित डिलीवरी सर्विस देने वाले ब्लिंकिट (Blinkit) के गोदाम पर भी छापेमारी की. जांच के दौरान ब्लिंकिट के गोदाम में गंभीर लापरवाही उजागर हुई. गोदाम में आग से बचाव और सुरक्षा (Fire Safety) का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं था, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता था.

​बाल श्रम का खुलासा

सबसे संगीन मामला तब सामने आया जब गोदाम के भीतर कथित तौर पर 3 नाबालिग लड़की काम करते हुए पाए गए. हालांकि, निरीक्षण के दौरान अभी उम्र का सत्यापन की प्रक्रिया चल रही थी. ​प्रशासन ने बाल श्रम और सुरक्षा नियमों की अनदेखी के मामले को बेहद गंभीरता से लिया है और ब्लिंकिट प्रबंधन के खिलाफ लेबर सुपरिटेंडेंट को बुलाकर अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी है. ​

प्रशासन का कड़ा संदेश

सदर एसडीएम अरुण कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की सेहत और सुरक्षा के साथ किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा. चाहे ब्रांड कितना भी बड़ा क्यों न हो, अगर नियमों की अनदेखी और गंदगी पाई गई, तो सीलिंग और एफआईआर जैसी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मोतिहारी में लगातार जारी इस अभियान से मिलावटखोरों और नियम तोड़ने वाले कारोबारियों में भारी हड़कंप मचा हुआ है.

रिपोर्ट: पकंज कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More