)
कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 अक्टूबर, 2026 दिन शनिवार को बिहार बंद का आह्वान किया है. सीजेपी के बिहार बंद के आह्वान को लेकर पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है. एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर सोशल मीडिया के जरिए कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से बिहार बंद का आह्वान किया गया है. इसके बाद प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है.
प्रशासन की ओर से छात्रों को दी गई नसीहत
इसी क्रम में मोतिहारी में एसडीएम और एसडीपीओ ने बड़े-बड़े कोचिंग संस्थानों के संचालकों और छात्रों को बुलाकर उनसे बातचीत की और बंद को लेकर फीडबैक लिया. प्रशासन की ओर से छात्रों को नसीहत दी गई कि वे किसी भी आंदोलन या भीड़ का हिस्सा बनने से पहले सोच-समझकर फैसला लें और बेवजह किसी विवाद में शामिल न हों.
'विरोध-प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए'
वहीं, एसडीएम अरुण कुमार पांडे ने साफ कहा कि लोकतंत्र में धरना-प्रदर्शन और विरोध करना हर किसी का अधिकार है, लेकिन विरोध-प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए. अगर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की स्थिति पैदा होती है, तो प्रशासन कानून के अनुसार कार्रवाई करेगा.
'कोचिंग संचालकों और छात्रों से बातचीत की जा रही'
एडीपीओ दिलीप कुमार ने कहा कि प्रशासन को 10 अक्टूबर, 2026 दिन शनिवार को बंद के आह्वान की जानकारी मिली है. इसी को देखते हुए कोचिंग संचालकों और छात्रों से बातचीत की जा रही है और उनसे फीडबैक लिया जा रहा है.
बिहार बंद को लेकर मोतिहारी में प्रशासन पूरी तरह सतर्क
बता दें कि 10 अक्टूबर, 2026 दिन शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित बिहार बंद को लेकर मोतिहारी में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. अब देखना होगा कि बंद के आह्वान का जिले में कितना असर पड़ता है और प्रशासन की तैयारियां कितनी कारगर साबित होती हैं.
रिपोर्ट: पंकज कुमार