UP-बंगाल के 500 हलवाई... 150 पकवान, अनंत सिंह की बेटी की शादी में 5 लाख मेहमानों का इंतजाम, शाही शादी से लेकर घुड़दौड़ तक क्या-क्या है खास?
बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी की तैयारियां जोरों से चल रही हैं. उनके पैतृक गांव में शिवांगी सिंह की हल्दी रस्म भी पूरी हो चुकी है. वहीं अनंत सिंह ने कहा कि शादी के सभी कार्यक्रम तय समय के मुताबिक ही होंगे. आइए जानते हैं कि क्या-क्या खास है?
सोशल मीडिया से लेकर लोगों की जुबां पर... बिहार के मोकामा से विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह के नाम की ही चर्चा हो रही है. इसकी वजह सिर्फ उनकी बेटी की शादी है. चाहे 3 करोड़ की लैंड रोवर डिफेंडर हो या घुड़दौड़ जीतने वाले को महिंद्रा थार देने का ऐलान से लेकर शादी की चल रही तैयारियों की चर्चाएं हर जगह हो रही हैं. इस शाही शादी में सबसे खास बात यह है कि इस शादी में 4 से 5 लाख मेहमानों के पहुंचने का दावा किया गया है. इन सभी मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा तरह के भोज तैयार किए जा रहे हैं. इसके लिए अलग-अलग राज्यों यूपी, बंगाल समेत बिहार के कई जिलों से हलवाई लगे हुए हैं.
दरअसल, तारीख 25 नवंबर 2026 को अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी होनी है. इसके लिए अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में बड़े पैमाने पर खास इंतजाम किए गए हैं. शादी में आने वाले लगभग 4-5 लाख मेहमानों के लिए खास भोज की व्यवस्था की गई है. इतने लोगों का भोजन बनाने के लिए कई राज्यों से आए 500 से ज्यादा हलवाई लगे हुए हैं. इतना ही नहीं, इसके लिए बाकायदा कई टीमें भी बनाई गई हैं, जिन्हें भोजन औ मिठाइयां तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है. इनमें से कोई मुख्य भोजन बनाने में लगा है, तो कोई मिठाईयों की तैयारी कर रहा है. बताया जा रहा है कि इस शाही शादी में मेहमानों को 150 से ज्यादा तरह के पकवान परोसे जाएंगे. इनमें सबसे ज्यादा गुलाब जामुन और कई तरह की मिठाइयां तैयार की गई जा रही हैं.
20 Nov से बन रही है मिठाइयां
वहीं 30-35 साल से हलवाई का काम देख रहे नीरज कुमार ने बताया कि अनंत सिंह की बेटी की शादी में 5-6 लाख लोग आने वाले हैं. उनके लिए खास तरह के इंतजाम किए गए हैं. उन्होंने आगे बताया कि 20 नवंबर से ही मिठाइयां और खाना तैयार करने का काम शुरू हो गया था. पटना में अनंत सिंह के तिलक समारोह में भी उन्होंने ही खाने की व्यवस्था संभाली थी. अब नदावां गांव में भी बड़ी संख्या में हलवाई लगाए गए हैं. मौसम खराब होने के बावजूद मेहमानों की संख्या को देखते हुए ज्यादा कारीगरों को भी बुलाया गया है, ताकि किसी को खाने-पीने में परेशानी न हो.
शिवांगी सिंह की हल्दी रस्म पूरी
शादी से एक दिन पहले विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की रस्मों का दौर शुरू हो गया है. मंगलवार को गांव नदावां में बेटे अभिनव की जनेऊ के लिए मड़वा छाड़ने की रस्म निभाई गई. साथ ही, शिवांगी की हल्दी की रस्म भी पूरी की गई. इस दौरान परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रस्में निभाईं. हल्दी की रस्म में मां नीलम देवी, बड़ी बहन राजनंदनी सिंह और तीनों भाई अंकित, अभिषेक और अभिनव के साथ ही गांव के लोग और रिश्तेदार भी नजर आए. शादी को लेकर अनंत सिंह के घर को करीब 20 दिन पहले से ही रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया है. हल्दी और कलश की रस्मों के बीच पूरे घर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है.
ये भी पढ़ेंः अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की हल्दी रस्म में जुटा पूरा परिवार, देखिए मोकामा विधायक के घर शादी की खास रौनक
जयपुर के महलों जैसा होगा मंडप
मिली जानकारी के मुताबिक, इस शाही शादी के लिए नदवां गांव में लगभग 10-12 बीघा जमीन पर तैयारियां की गई हैं. इसमें बड़ी संख्या में बड़े-बड़े पंडाल भी लगाए गए हैं. बताया जा रहा है कि जयपुर के महलों की तर्ज पर शादी का मंडप तैयार किया जा रहा है. इतना ही नहीं शिवांगी सिंह के जयमाला के लिए भी भव्य मंच बनाया गया है. वहीं मेहमानों के स्वागत से लेकर उनके बैठने की भी व्यवस्था का खास इंतजाम किया गया है. बता दें कि आयोजन स्थल पर अलग-अलग हिस्सों में तैयारियां की गई हैं. ताकि शादी में शामिल होने वाले किसी भी मेहमान को परेशानी का सामना न करना पड़े. इसीलिए यहां पर लगातार मजदूरों और कर्मचारियों की कई टीमें जुटी हुई हैं.
घुड़दौड़ की तैयारियां लगभग पूरी
इधर, शादी समारोह में होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं. बारिश के चलते टेंट और पंडाल लगाने के काम में एक-दो दिन की देरी जरूर हुई है, लेकिन अनंत सिंह ने साफ किया है कि सादी के किसी भी कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा. जानकारी मिली है कि घुड़दौड़ प्रतियोगिता तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगी. वहीं भोजपुरी गायकों के कार्यक्रम पर भी बारिश का कोई असर नहीं पड़ेगा. सभी भोजपुरी गायक और कलाकार 25 नवंबर को कार्यक्रम में पहुंचेंगे. घुड़दौड़ मैदान में जहां कीचड़ जमा हुआ है, वहां पर बालू डालकर उसे समय पर तैयार कर किया जा रहा है. वहीं अनंत सिंह भी अपने समर्थकों के साथ सुबह मैदान का निरीक्षण कर चुके हैं. नदावां गांव के सभी ग्रामीण मेहमानों के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. सभी घुड़दौड़ मैदान में जमे पानी को बाहर निकालने में जुटे हैं.
सभी कार्यक्रम तय समय पर होंगे
विधायक अनंत सिंह ने कहा कि बारिश की वजह से शादी के कार्यक्रमों में कोई बदलाव नहीं होगा. सभी कार्यक्रम पहले की तरह आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने बताया कि शादी की तैयारियां पूरी हैं और घुड़दौड़ मैदान से पानी निकालकर ट्रैक को भी ठीक कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि पंडाल या टेंट की व्यवस्था में थोड़ी बहुत कमी रह भी जाती है, तो उससे कोई बड़ा फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन मेहमानों के खाने-पीने, घुड़दौड़ प्रतियोगिता और दूसरे बड़े कार्यक्रमों में कोई कमी नहीं होगी. भोजपुरी गायक और कलाकार भी तय कार्यक्रम के मुताबिक जरूर पहुंचेंगे. अनंत सिंह ने मोबाइल पर घुड़दौड़ प्रतियोगिता रद्द होने की फैल रही खबरों को खारिज करते हुए कहा कि रेस हर हाल में होगी. उन्होंने सभी परिचितों, घुड़दौड़ में हिस्सा लेने वालों और मोतिहारी से लेकर इंग्लैंड तक से आने वाले मेहमानों को शादी में शामिल होने का न्योता दिया. उन्होंने कहा कि मेहमान उनके लिए मालिक के समान हैं. सभी का सम्मान के साथ स्वागत किया जाएगा.
ये भी पढ़ेंः मोकामा है तैयार: शाही शादी के कोलाहल को भंग कर रहे सैकड़ों घोड़ों की टाप और दूध के टैंकरों की आवाज