Shivangi Singh Vs Kavya Maran Wedding: एक विवाह उत्तर में तो दूसरा दक्षिण में, जानिए किसकी शादी कितनी शाही?
देश में इस समय दो ही शादियों की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है. पहली- मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की और दूसरी- सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की CEO काव्या मारन की. इन दोनों ही शादियों में एक चीज कॉमन है, वो हैं रॉयल वेडिंग.
उत्तर और दक्षिण की दो सबसे चर्चित और शाही शादियां इन दिनों सोशल मीडिया पर सुर्खियों में बनी हुई है. एक तरफ उत्तर भारत (बिहार) में बाहुबली मोकामा विधायक की बेटी का भव्य और पारंपरिक आयोजन है, तो दूसरी तरफ दक्षिण भारत के दो बड़े कॉर्पोरेट और फिल्मी घरानों की हाई-प्रोफाइल डेस्टिनेशन वेडिंग. दोनों ही शादियों में भव्य इंतजाम किए गए हैं.
अनंत सिंह की बेटी की शादी
मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह और बिहटा के रहने वाले ऋषिकेश की शादी 25 नवंबर को होने वाली है. ये शादी पैतृक गांव लदमा (मोकामा) में होगी. मिली जानकारी के अनुसार, अनंत सिंह के दामाद ऋषिकेश ने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से MBA किया है और पिछले 10 सालों से अमेरिका में रह रहे हैं.
अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी का आयोजन शाही तरीके से कर रहे हैं. गांव में 10 बीघे की जमीन पर ताजमहल की तर्ज पर भव्य पंडाल बनाया जा रहा है, जिसमें सवा सौ फीट का पक्का मंडप तैयार हो रहा है. सजावट के लिए विदेशों से विशेष फूल मंगाए जा रहे हैं. इस शादी में करीब 4 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के तमाम दिग्गज नेताओं को न्योता दिया गया है. आने वाले मेहमानों के लिए कम से कम 150 तरह के व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं.
अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश को करीब 3 करोड़ रुपये की डिफेंडर कार गिफ्ट कर रहे हैं. इसके अलावा बेटे के जनेऊ पर BMW देने की भी चर्चा है. मिली जानकारी के अनुसार, शादी में उदित नारायण, मैथिली ठाकुर, पवन सिंह, अक्षरा सिंह, गुंजन सिंह, शिल्पी राघवानी समेत कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. इसके अलावा दुबई से छह मॉडल्स भी इस समारोह में पहुंच रही हैं. गांव में एक राष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है. जीतने वाले को थार मिलने वाला है.
काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर की शादी
वहीं, दूसरी ओर काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर की शादी भी चर्चा का विषय बनी हुई है. सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की CEO काव्या मारन और सुपरस्टार रजनीकांत के भतीजे और मशहूर संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर की डेस्टिनेशन वेडिंग आज ग्रीस में हो रही है. 21 नवंबर 2026 को चेन्नई में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाना है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हाई-प्रोफाइल ग्लोबल वेडिंग का अनुमानित खर्च लगभग 150 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. ग्रीस की खूबसूरत वादियों में हो रहे डेस्टिनेशन वेडिंग में पारंपरिक दक्षिण भारतीय रीति-रिवाजों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. इस शादी के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए बैरॉक-स्टाइल बॉक्स वाले एक निमंत्रण कार्ड की कीमत ही करीब 15,000 से 20,000 रुपये आंकी गई है. मारन परिवार ने खुद तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के आवास पर जाकर उन्हें शादी का कार्ड सौंपा था.
इस शाही शादी में शामिल होने के लिए भारत से कई फेमस चेहरे ग्रीस रवाना हुए हैं. इनमें सुपरस्टार रजनीकांत, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन समेत अन्य के नाम शामिल है. इसके अलावा बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के कई बड़े सितारे, उद्योगपति और राष्ट्रीय स्तर के नेता इस भव्य समारोह का हिस्सा बन रहे हैं.
Disclaimer- यह जानकारी मीडिया रिपोर्टों पर आधारित है.
यह भी पढ़ें: 4 लाख मेहमान, 150 तरह के पकवान, दामाद को 3 करोड़ की डिफेंडर गिफ्ट, चर्चा में अनंत सिंह की बेटी की शादी