)
मोकामा विधायक अनंत सिंह ने घुड़दौड़ मैदान में पहुंचकर घोड़े की रेस का आनंद लिया. इस दौरान वह अपने समर्थकों के साथ मैदान में मौजूद रहे और घोड़े को तेज दौड़ने के लिए ललकारते भी नजर आए. साथ ही उन्होंने बताया कि छठ पूजा के बाद दूसरे राज्य से घोड़े आने शुरू हो जाएंगे. फिलहाल अभी घुड़दौड़ वाले मैदान में उनके ही घोड़े अभ्यास कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस बार आयोजित होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता में बिहार और उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब और हरियाणा के नामी घोड़े भी हिस्सा लेंगे और अपनी रफ्तार का जलवा दिखाएंगे.
अनंत सिंह अपने गांव नदवां पहुंचने के बाद रोज सुबह और शाम घुड़दौड़ मैदान जाते हैं. इस दौरान वे घुड़सवारों से भी बातचीत करते हैं और उन्हें घोड़ों की बेहतर प्रैक्टिस के लिए जरूरी टिप्स देते नजर आते हैं. घोड़ों की सेहत और ताकत को लेकर भी वे विशेष ध्यान दे रहे हैं.वे घुड़सवारों को घोड़ों को ताकतवर बनाने के लिए ड्राई फ्रूट्स खिलाने की सलाह भी देते हैं.
आपकों बता दे कि 25 नवंबर को मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी की शादी होनी है. इसी दिन शाम को घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. इस प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां चल रही हैं.अनंत सिंह खुद मैदान में पहुंचकर घोड़ों के अभ्यास और उनकी रेस की तैयारियों पर नजर रख रहे हैं.
इस घुड़दौड़ प्रतियोगिता में विजेता घोड़े को थार रॉक्स इनाम में दी जाएगी. वहीं, दूसरे स्थान पर रहने वाले घोड़े के घुड़सवार को बाइक और तीसरे स्थान पर रहने वाले घुड़सवार को स्कूटी पुरस्कार के रूप में दी जाएगी. इन आकर्षक पुरस्कारों को लेकर भी लोगों में उत्सुकता है. नदवां गांव में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता की चर्चा पूरे बिहार में हो रही है. अब लोगों को 25 नवंबर का इंतजार है, जब मैदान में अलग-अलग राज्यों से आए घोड़ों की रफ्तार और उनके बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा.
रिपोर्ट: जी मीडिया