मोकामा में गंगा पार करने का नया विकल्पः नए रेल पुल पर रात 1:40 बजे 90 KMPH की स्पीड से गुजरी महानंदा एक्सप्रेस
मोकामा में गंगा नदी पर बने नए डबल-लाइन रेल पुल पर रविवार-सोमवार की रात महानंदा एक्सप्रेस गुजरी. रविवार को रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) ने डबल-लाइन पुल का निरीक्षण किया. बता दें कि इससे मोकामा और बरौनी के बीच रेल यातायात आसान हो गया है.
मोकामा में गंगा नदी पर राजेंद्र पुल के समानांतर बने डबल लाइन नए रेल पुल से परिचालन शुरू हो गया है. रविवार- सोमवार (5 अक्टूबर, 2026) की दरम्यानी रात करीब 1:40 बजे महानंदा एक्सप्रेस इस पुल से होकर गुजरी. महानंदा एक्सप्रेस ने करीब 90 KMPH की रफ्तार से पुल को पार किया. इस नए पुल पर ट्रेनों को अधिकतम 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने की क्षमता है.
राजेंद्र सेतु के साथ अब तीन रेल लाइनें
नए डबल लाइन रेल पुल को पटना की तरफ राजेंद्र सेतु से लगभग 50 मीटर की दूरी पर उसके समानांतर बनाया गया है. सबसे खासबात यह है कि नए पुल पर परिचालन शुरू होने के बाद भी पुराने राजेंद्र सेतु पर ट्रेनों का परिचालन शुरू रहेगा. ऐसे में अब गंगा नदी को पार करने वाले इस हिस्से पर कुल तीन रेल लाइनें उपलब्ध हो चुके हैं.
जानें इस नए डबल रेल के बारे में-
नए पुल की शुरुआत होने से मोकामा में गंगा पार करने के लिए नया विकल्प मिल गया है. बता दें कि इस पुल को करीब 2400 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है. इसकी कुल लंबाई 15.5 KM की है. इसमें गंगा पर बना 1.9 किलोमीटर लंबा मुख्य रेल पुल भी शामिल है. मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य पुल में नदी के ऊपर 17 स्टील स्पैन बनाए गए हैं. इसके अलावा, 3.6 KM लंबा रेल वायडक्ट, आठ छोटे पुल, दो रोड ओवरब्रिज और तीन रेल ओवर रेल का निर्माण किया गया है.
यह भी पढ़ें: World Dolphin Day: सुल्तानगंज से कहलगांव तक गंगा में डॉल्फिन की अठखेलियां, बिखरी कुदरत की खूबसूरती
पीएम मोदी कर सकते हैं उद्घाटन
नई रेल लाइन से और भी आने-जाने वाली ट्रेनों को फायदा मिल सकेगा. नए पुल पर परिचालन शुरू होने के साथ ही रेलवे ने इसके औपचारिक उद्घाटन की तैयारियां भी शुरू कर दी है. मिली जानकारी के अनुसार, इस पुल का उद्घाटन पीएम मोदी कर सकते हैं. हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
इनपुट: रजनीश