महिला सुरक्षा पर घिरी सरकार तो सामने आए मंत्री श्रवण कुमार: SIR पर भी विपक्ष को दिया जवाब
विपक्ष लगातार चुनाव आयोग पर सवाल खड़े कर रहा है. इसे लेकर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि विपक्ष को अपने पक्ष में परिणाम दिखता है, वहां सब ठीक है, लेकिन जहां NDA की बढ़त दिखती है या NDA की सरकार बनती है, वहां उन्हें गड़बड़ी और धांधली नजर आने लगती है.
बिहार में हालिया आपराधिक घटनाओं और विपक्ष के हमलों पर मंत्री श्रवण कुमार ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि सरकार न्याय दिलाने के प्रति पूरी तरह गंभीर है. अपराध पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है और महिला सुरक्षा के लिए राज्य में पुलिस बल में बड़ी संख्या में बेटियों को तैनात किया गया है. साथ ही, उन्होंने SIR पर मचे घमासान और चुनाव आयोग पर उठे सवाल को लेकर भी विपक्ष को आड़े हाथ लिया.
'दोषी कानून की पकड़ से बच न सके'
मंत्री श्रवण कुमार ने मीसा भारती को लेकर कहा, 'इस संदर्भ में मुझे यह जानकारी नहीं है कि कौन किस थाने में FIR दर्ज कराने के लिए बैठे हैं. मुझे यह जानकारी आपसे ही मिली है. बिहार सरकार हर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के अपने संकल्प पर तत्पर है. सरकार लगातार यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है कि किसी भी पीड़ित परिवार को परेशानी न हो और कोई भी दोषी कानून की पकड़ से बच न सके. आपने देखा होगा कि हाल की घटनाओं के बाद, महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान देने के लिए हमारी बेटियों को विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों को सुरक्षा में लगाया गया है. यह सरकार की एक नई पहल है और उन्हें महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी एक विशेष जिम्मेदारी दी गई है.'
'चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था'
वहीं, SIR पर मचे घमासान को लेकर मंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है. चुनाव आयोग का जो भी फैसला होता है, उसका सम्मान किया जाना चाहिए. लेकिन जब भी चुनाव होते हैं, विपक्ष अपनी सुविधा के हिसाब से चुनाव आयोग पर तरह-तरह के आरोप लगाता है. झारखंड में चुनाव हुआ, कर्नाटक में चुनाव हुआ, बिहार में चुनाव हो या बंगाल में- जहां विपक्ष को अपने पक्ष में परिणाम दिखता है, वहां सब ठीक है, लेकिन जहां NDA की बढ़त दिखती है या NDA की सरकार बनती है, वहां उन्हें गड़बड़ी और धांधली नजर आने लगती है. दृष्टिकोण एक जैसा होना चाहिए.
'EC की प्रक्रिया पर रखना चाहिए भरोसा'
उन्होंने कहा कि SIR समेत कई मुद्दों पर चुनाव आयोग के सामने विपक्ष ने शिकायतें रखी हैं. चुनाव आयोग सभी शिकायतों और रिपोर्टों पर नियमानुसार विचार करता है और जहां जरूरत होती है, वहां कार्रवाई भी करता है. इसलिए चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर भरोसा रखना चाहिए. जहां तक अपराध और सांप्रदायिक घटनाओं का सवाल है, अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता. अपराध, अपराध होता है. सरकार भी इसी नजरिए से कार्रवाई करती है. जो कानून को अपने हाथ में लेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, चाहे वह किसी भी जाति, धर्म या समुदाय का व्यक्ति हो. कानून सबके लिए समान है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी.
रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा