रामनगर बनेगा हाईटेक, दोन क्षेत्र में लगेंगे 5 मोबाइल टावर, मंत्री नंदकिशोर राम और सांसद सुनील कुमार ने किया शिलान्यास
सुदूरवर्ती दोन क्षेत्र के विकास को पंख लगने वाले हैं. मंत्री नंदकिशोर राम और सांसद सुनील कुमार ने 24 योजनाओं का शिलान्यासल किया. साथ ही जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने का दावा किया.
सुदूरवर्ती दोन क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए बिहार सरकार की ओर से 24 योजनाओं को मंजूरी मिली है. इन योजनाओं के तहत क्षेत्र में सड़क, पुल और पुलियों का निर्माण कराया जाएगा. दरअसल रामनगर पहुंचे मंत्री नंदकिशोर राम और वाल्मीकिनगर के जेडीयू सांसद सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से भव्य शिलान्यास किया. कैबिनेट में स्वीकृत योजनाओं पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने का दावा करते हुए केंद्र और राज्य सरकार को धन्यवाद दिया गया.
शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क समेत बुनियादी सुविधाओं से वंचित दुर्गम क्षेत्र का समुचित विकास
बताया जा रहा है कि चम्पारण में नेपाल के तराई से सटे दोन के गांवों में पांच बीएसएनएल के मोबाइल टावर लगाने के दिशा में भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है, ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क समेत बुनियादी सुविधाओं से वंचित दुर्गम क्षेत्र का समुचित विकास हो सके.
सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के साथ पुल-पुलियों का निर्माण कराया जाएगा
इसकी जानकारी गंडक आईबी में रामनगर के विधायक और बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम ने दी है. उन्होंने कहा है कि दोन क्षेत्र के लोगों को सालों भर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. इसके लिए सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के साथ पुल-पुलियों का निर्माण कराया जाएगा.
शहर में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी
मंत्री नंदकिशोर राम ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. लिहाजा, फिलहाल स्वीकृत 24 योजनाएं इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. मंत्री ने बताया है कि रामनगर शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बाइपास निर्माण का भी प्रयास जारी है. जिससे शहर में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी.
परसौनी, मटियरिया और जमुनिया में स्थल चयन के साथ निर्माण की मंजूरी
उन्होंने बताया कि रामनगर विधानसभा क्षेत्र में बालिकाओं की शिक्षा और आवासीय सुविधा को बढ़ावा देने के लिए तीन छात्रावासों का निर्माण कराया जाएगा. प्रत्येक छात्रावास की क्षमता 100 बेड की होगी. इसके लिए परसौनी, मटियरिया और जमुनिया में स्थल चयन के साथ निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है.
बता दें कि 28 अक्टूबर दिन बुधवार को सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में ये फैसला लिया गया है. जिसकी सौगात आज मंत्री नंदकिशोर राम और सांसद सुनील कुमार ने शिलान्यास कर दिया है.
रिपोर्ट: इमरान अजीज