App

'स्नातक वोटर लिस्ट की प्रक्रिया में हो सुधार', MLC नतीजों के बाद मंत्री मदन सहनी ने चुनाव आयोग से कर दी ये मांग

बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों को लेकर मंत्री मदन सहनी ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि स्नातक होने के बाद बार-बार मतदाता बनने की प्रक्रिया की आवश्यकता पर विचार किया जाना चाहिए. मंत्री ने मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया पर सवाल भी उठाया.

'स्नातक वोटर लिस्ट की प्रक्रिया में हो सुधार', MLC नतीजों के बाद मंत्री मदन सहनी ने चुनाव आयोग से कर दी ये मांग
Image Credit: MLC नतीजों के बाद मंत्री मदन सहनी ने चुनाव आयोग से कर दी ये मांग (File Photo)

बिहार सरकार के मद्य निषेध और उत्पाद विभाग के मंत्री मदन सहनी ने बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि चुनाव में जेडीयू और एनडीए के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मेहनत की, जिसका परिणाम कई सीटों पर पार्टी के पक्ष में आया. उन्होंने कहा कि लगभग 50 प्रतिशत परिणाम उनके पक्ष में रहे हैं, जबकि कुछ सीटों पर पार्टी के प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा.

मंत्री ने जीतने वाले प्रत्याशियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को नेतृत्व के लिए आभार जताया. साथ ही एनडीए और पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी बधाई और धन्यवाद दिया. उन्होंने मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए निर्वाचन आयोग से इसमें संशोधन करने की मांग की. मंत्री मदन सहनी ने कहा कि स्नातक होने के बाद बार-बार मतदाता बनने की प्रक्रिया की आवश्यकता पर विचार किया जाना चाहिए और चुनाव की इस व्यवस्था में सुधार के लिए निर्वाचन आयोग को गंभीरता से पहल करनी चाहिए.

मंत्री मदन सहनी ने बिहार में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि पहले पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक किए जाने के बाद शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी आई थी.

मदन सहनी के मुताबिक, महज चार महीने में 23.5 लाख लीटर शराब जब्त की गई थी और मादक पदार्थों की बरामदगी भी लगातार हो रही थी. उन्होंने कहा कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की नियमित समीक्षा और निगरानी से नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है. इसी को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से भी आग्रह किया कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं और एक बार फिर समीक्षा की जाए, ताकि शराबबंदी कानून को बेहतर तरीके से लागू किया जा सके.

उन्होंने कहा कि बिहार को नशामुक्त बनाने के लिए पिछले दस वर्षों से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन और आम लोगों का सहयोग जरूरी है. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शराबबंदी लागू किए जाने के फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि इस कानून से खासकर महिलाओं के जीवन और परिवारों के माहौल में सकारात्मक बदलाव आया है. उन्होंने कहा कि शराबबंदी के कारण कई परिवारों को बेहतर माहौल मिला है और इस बदलाव को बनाए रखना जरूरी है. मंत्री मदन सहनी ने सभी लोगों से शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग करने की अपील की ताकि बिहार में नशे के खिलाफ अभियान को और मजबूती मिल सके.

रिपोर्ट: स्वप्निल, स्थानीय संपादक

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More