SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

श्राद्ध की रस्म के दौरान बड़ा हादसा: भांजी को डूबते देख नदी में कूदी मौसी, दोनों की मौत, 3 घंटे की मशक्कत के बाद मिला दूसरा शव

समस्तीपुर में श्राद्ध कर्म की रस्म के बीच मौसी-भांजी बूढ़ी गंडक में डूब गईं. डूबने से दोनों की मौत हो गई. तीन घंटे बाद शव मिला. बताया जा रहा है कि भांजी को डूबता देख बचाने नदी में मौसी कूदी गई थीं.

Edited By Shailendra
Published: Oct 05, 2026, 10:37 PM IST | Updated: Oct 05, 2026, 10:40 PM IST
Image Credit: समस्तीपुर में श्राद्ध कर्म की रस्म के बीच मौसी-भांजी बूढ़ी गंडक में डूब गईं (Z News)
Join

समस्तीपुर जिले के रोसड़ा शहर के सिनेमा चौक स्थित वार्ड संख्या-17 में 5 अक्टूबर, 2026 दिन सोमवार को एक परिवार में चल रहे क्षौर कर्म (श्राद्ध) की रस्म के बीच मातम पसर गया. बूढ़ी गंडक नदी के सीढ़ी घाट पर स्नान करने गईं सगी मौसी-भांजी की डूबने से मौत हो गई. बताया जाता है कि भांजी को नदी में डूबता देख मौसी उसे बचाने के लिए नदी में कूद गई, लेकिन वह भी डूब गई. इस घटना में 15 वर्षीय सोनी कुमारी और उसकी 24 वर्षीय मौसी काजल कुमारी की डूबने से मौत हो गई. सोनी कुमारी की पहचान जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के बरैठा गांव निवासी स्वर्गीय संजय सहनी की पुत्री के रूप में हुई, वहीं काजल कुमारी रोसड़ा शहर की रहने वाली थी.

स्थानीय लोगों का बताना है कि रोसड़ा के सिनेमा चौक स्थित वार्ड संख्या-17 निवासी सीताराम सहनी का बीते 25 सितंबर को निधन हो गया था. सोमवार को उनके श्राद्ध कर्म की रस्म थी. इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार की महिलाएं दोपहर में परंपरा के अनुसार बूढ़ी गंडक नदी के सीढ़ी घाट पर स्नान करने गई थीं. सोनी और उसकी मौसी काजल भी उनके साथ थी. नहाने के दौरान सोनी गहरे पानी में चली गई.

सीताराम सहनी के बेटे पवन सहनी ने बताया कि पिता के निधन की सूचना मिलने के बाद उनकी बहन और भांजी भी घर आई थी. परिवार की अन्य महिलाओं के साथ सोनी और काजल भी घाट पर स्नान कर रही थी. इसी दौरान सोनी अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी. भांजी को डूबता देख मौसी उसे बचाने के लिए नदी में कूद गईं. उन्होंने भांजी को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह खुद भी डूबने लगी.

दोनों को डूबता देखकर घाट पर मौजूद महिलाओं में चीख-पुकार मच गई. शोर सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय मछुआरे फौरन मौके पर पहुंचे और नदी में उतरकर दोनों की तलाश करने लगे. काफी प्रयास के बाद मछुआरों ने काजल कुमारी को नदी से बाहर निकाला. उनकी हालत गंभीर थी. परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

घटना के करीब तीन घंटे तक चले प्रयास के बाद दूसरा शव सोनी का नदी से बरामद किया गया. काजल कुमारी का एक वर्ष का मासूम बेटा भी है. हादसे में मां की मौत के बाद मासूम के सिर से मां का साया उठ गया.

एक ही परिवार में पिता की मौत के बाद सोमवार को क्षौर कर्म की रस्म चल रही थी. इसी दौरान परिवार की दो महिलाओं की नदी में डूबने से मौत हो गई. कुछ देर पहले जिस घर में रस्म की तैयारी चल रही थी, वहां देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराने से स्वेच्छा से इनकार कर दिया. इस हादसे से पूरा परिवार गहरे सदमे में है.

रिपोर्ट: मनटुन कुमार रॉय

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES