SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पटना और जमुई में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 8.80 लाख की विदेशी शराब जब्त, तीन भट्ठियां ध्वस्त

राजधानी पटना में मद्य निषेध विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 733 लीटर विदेशी शराब जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, जमुई में पुलिस ने तीन अवैध शराब भट्ठियां ध्वस्त कर 1,000 लीटर महुआ जावा नष्ट किया है.

Edited By Rupak Kumar
Published: Nov 01, 2026, 05:06 PM IST | Updated: Nov 01, 2026, 05:19 PM IST
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)
Join

पटना में मद्य निषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. 1 नवंबर की रात करीब 12:50 बजे खगौल थाना क्षेत्र के महुआबाग में छापेमारी की गई. निरीक्षक मद्य निषेध दीपक महतो के नेतृत्व में गठित टीम ने रंजन कुमार के किराये के कमरे में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की. मौके से कुल 733.090 लीटर शराब जब्त की गई, जो 2,497 बोतलों में रखी हुई थी. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है.

शराब तस्करी के आरोप में रंजन कुमार गिरफ्तार

इस कार्रवाई के दौरान रंजन कुमार को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में सामने आया कि शराब उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और हरियाणा से मंगाकर यहां बेची जाती थी. फिलहाल पुलिस और मद्य निषेध विभाग की टीम मामले की आगे की जांच कर रही है. अधिकारियों की ओर से शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.

ये भी पढ़ें: पटना में फॉर्च्यून ब्रांड के नाम पर बनाया जा रहा था नकली रिफाइंड और सोयाबीन तेल, पुलिस ने करोड़ों का सामान जब्त किया
 

जमुई में पुलिस ने तीन शराब भट्ठियों को किया ध्वस्त

वहीं, जमुई के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र जगुआजोर में अवैध देशी शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. मलयपुर थाना और चानन थाना की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर तीन शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया. इस दौरान करीब 1,000 लीटर महुआ जावा नष्ट किया गया. मलयपुर थाना प्रभारी शेखर सौरव ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मलयपुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जगुआजोर इलाके में बड़े पैमाने पर देशी शराब बनाई जा रही है. इसी सूचना के आधार पर संयुक्त अभियान चलाया गया. हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान शराब तस्कर मौके से फरार हो गए.

बिहार में शराबबंदी के बावजूद जारी है अवैध कारोबार

बिहार में वर्ष 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है. इसके बावजूद राज्य के अलग-अलग इलाकों में अवैध शराब निर्माण और तस्करी की घटनाएं सामने आती रहती हैं. जहरीली शराब के सेवन से कई लोगों की मौत भी हो चुकी है. ऐसे में जमुई के अति नक्सल प्रभावित जगुआजोर में पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब निर्माण पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

रिपोर्ट: अभिषेक निरला (जमुई) प्रकाश कुमार सिन्हा (पटना)

 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES