App

'ज्ञानेश हटाओ, देश बचाओ': सिवान में पुलिस से धक्का-मुक्की, पटना-अररिया समेत कई जिलों में महागठबंधन का उग्र प्रदर्शन

आज पटना, अररिया, सिवान, नालंदा, बेतिया समेत कई जिलों में महागठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई.

'ज्ञानेश हटाओ, देश बचाओ': सिवान में पुलिस से धक्का-मुक्की, पटना-अररिया समेत कई जिलों में महागठबंधन का उग्र प्रदर्शन
Image Credit: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बिहार में महागठबंधन को जोरदार प्रदर्शन (जी मीडिया)

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बिहार में महागठबंधन का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला. पटना, बेतिया, सिवान, अररिया और नालंदा समेत अन्य जिलों से प्रदर्शन की अलग-अलग तस्वीरें सामने आई है. 'ज्ञानेश हटाओ, देश बचाओ' के नारे के साथ पटना में विधानसभा गेट से शुरू हुआ मार्च वीरचंद पटेल पथ होते हुए इनकम टैक्स गोलंबर तक पहुंचा, जहां पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को रोक लिया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर SIR के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. गठबंधन के नेताओं ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक यह विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा.

बेतिया में महागठबंधन का प्रदर्शन
बेतिया में भी कांग्रेस, राजद, माले और सीपीआई के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार मार्च निकाला और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका. जिला के नरकटियागंज और नौतन प्रखंड में महागठबंधन के सभी दलों ने एसआईआर में हुई कथित धांधली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग की. साथ ही, प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ भी तीखे स्वर अपनाए. इस दौरान कांग्रेस के पूर्व विधायक मदन मोहन तिवारी और माले के पूर्व विधायक वीरेंद्र गुप्ता ने सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए.

सिवान में बैनर-पोस्टर लेकर सड़क पर उतरे कार्यकर्ता
सिवान में भी वोट चोरी के खिलाफ इंडिया गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर बड़ी संख्या में सड़क पर उतरे. वीएम उच्च विद्यालय से ज्ञानेश भगाओ, लोकतंत्र बचाओ मार्च निकाला गया, जिसमें सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई. प्रदर्शनकारी जब जिलाधिकारी कार्यालय के गेट की तरफ बढ़े तो सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी देखने को मिली, हालांकि पुलिस ने सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित कर लिया. इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को ज्ञापन सौंपा

अररिया में पीएम मोदी-अमित शाह के इस्तीफे की मांग
अररिया के फारबिसगंज प्रखंड मुख्यालय में प्रदर्शनकारियों ने एसआईआर की प्रक्रिया और चुनाव व्यवस्था के खिलाफ गहरा विरोध जताते हुए कहा कि मतदाताओं के अधिकार और चुनाव की पारदर्शिता से जुड़े सवालों का स्पष्ट समाधान होना चाहिए. कार्यक्रम के दौरान वोट चोरी बंद करो, लोकतंत्र बचाओ जैसे नारे गूंजे. विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की भी मांग की गई. साथ ही, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर निष्पक्ष जवाब मांगा गया.

नालंदा में भी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
नालंदा के परवलपुर प्रखंड में राजद युवा जिलाध्यक्ष मनोज यादव के नेतृत्व में उग्र प्रदर्शन किया गया. कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका. राजद नेता मनोज यादव ने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटकर उन्हें मताधिकार से वंचित करने और देश में लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास किया गया है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन को और तेज किया जाएगा. 

जहानाबाद में भी इंडिया गठबंधन का जोरदार प्रदर्शन
जहानाबाद में भी इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनावी पारदर्शिता की मांग को लेकर शहर में आक्रोश मार्च निकाला गया. शहर के कारगिल चौक से शुरू हुआ यह विरोध मार्च अंबेडकर चौक तक पहुंचा. हाथों में बैनर और पार्टियों के झंडे लिए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और इलेक्शन कमीशन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों का साफ आरोप है कि देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है.

पटना से रजनीश, बेतिया से धनंजय द्विवेदी, सिवान से अमित सिंह, अररिया से कुमार नितेश, नालंदा से ऋषिकेश और जहानाबाद से मुकेश कुमार की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More