SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पटना में महागठबंधन का 'लोकतंत्र बचाओ मार्च': SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सड़क पर उतरा विपक्ष, BJP-JDU का करारा जवाब

बिहार की राजधानी पटना में महागठबंधन ने SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' की शुरुआत की. इस दौरान कांग्रेस, राजद नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की. वहीं, जदयू और बीजेपी ने विपक्षी दलों पर पलटवार किया. साथ ही जमकर निशाना साधा.

Edited By Shailendra
Published: Oct 02, 2026, 04:14 PM IST | Updated: Oct 17, 2026, 06:18 PM IST
Image Credit: पटना में महागठबंधन का 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' (Photo-AI)
Join

विपक्षी दलों की ओर से देशभर में 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' की शुरुआत 2 अक्टूबर, 2026 दिन शुक्रवार से की गई है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR के विरोध में यह मार्च निकाला जा रहा है. देश के कई हिस्सों में शुक्रवार को विपक्षी दलों ने प्रदर्शन किया. बिहार की राजधानी पटना में गांधी मूर्ति के नीचे महागठबंधन के दलों की ओर से प्रदर्शन कर लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताया गया.

लोकतंत्र अब नहीं रह गया: राजेश राम 
बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि लोकतंत्र अब नहीं रह गया है. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र की ताकत के जरिए इसे रोका जा सकता है. उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र और दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन हो रहे हैं. राजेश राम ने SIR को लेकर कांग्रेस के पूर्व में हुए प्रदर्शनों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने SIR के दौरान चुनाव आयोग के सामने कई सवाल और प्रमाण रखे थे. राजेश राम ने दावा किया कि चुनाव आयोग के दो कमिश्नरों ने भी इस मुद्दे पर आपत्तियां दर्ज कराई हैं.

'जो लोग लोकतंत्र के हत्यारे हैं, वे लोकतंत्र बचाने की बात नहीं कर सकते'
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता सुमित शशांक ने कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर निशाना साधा. उन्होंने कांग्रेस पर आपातकाल लगाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया. सुमित शशांक ने कहा कि जो लोग लोकतंत्र के हत्यारे हैं, वे लोकतंत्र बचाने की बात नहीं कर सकते. उन्होंने नीतीश कुमार के खिलाफ आपत्तिजनक बयान को लेकर सोनिया गांधी से माफी मांगने की भी मांग की.

'SIR के नाम पर मतदाताओं के नाम काटे जा रहे'
राजद प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि 'सेव डेमोक्रेसी' कार्यक्रम के जरिए लोकतंत्र और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने का संकल्प लिया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं और उनके मतदान के अधिकार को कमजोर किया जा रहा है. एजाज अहमद ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि INDIA गठबंधन लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आंदोलन जारी रखेगा.

चुनाव आयोग की प्रक्रिया सही: जदयू
जदयू प्रदेश प्रवक्ता चंदन सिंह ने विपक्ष के प्रदर्शन को राजनीति से प्रेरित बताया. उन्होंने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र बचाने के नाम पर अपनी कमजोरियों को छिपाने का प्रयास कर रहा है और SIR का इस्तेमाल राजनीतिक मुद्दे के तौर पर किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि विपक्ष एक भी ऐसे व्यक्ति को सामने नहीं ला पाया है जो यह दावा करे कि वह वैध मतदाता है और SIR के दौरान उसका नाम काटा गया. चंदन सिंह ने चुनाव आयोग की प्रक्रिया को सही बताते हुए कहा कि गलत मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं और विपक्ष हार का ठीकरा SIR पर फोड़ रहा है.

रिपोर्ट: शिवम राज

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES