पटना में जमीन कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाइक सवार चार अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर
बिहार की राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के ईसापुर में गुरुवार की देर शाम बाइक सवार चार अपराधियों ने जमीन कारोबारी मोहम्मद छोटू पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में छोटू को एक गोली लगी गई है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए है.
बिहार की राजधानी पटना में जमीन कारोबार से जुड़े अपराध का एक और मामला सामने आया है. जहां, फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के ईसापुर में गुरुवार की देर शाम बाइक सवार चार अपराधियों ने जमीन कारोबारी मोहम्मद छोटू को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस दौरान मोहम्मद छोटू को एक गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए. वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. वहीं, अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए.
बाइक सवार अपराधियों ने मारी गोली
घायल कारोबारी ईसापुर स्थित पुरानी मस्जिद के निवासी हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहम्मद छोटू जमीन की खरीद-बिक्री का कारोबार करते हैं. रुवार की देर शाम वह घर से निकलकर पुरानी मस्जिद के पास अंडा खाने पहुंचे थे. इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अपराधी वहां पहुंचे और उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी. एक गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े.
गंभीर हालत में पटना एम्स में भर्ती
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कारोबारी को इलाज के लिए पटना एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. गोलीबारी की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-1 नारायण उपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों के भागने के रास्ते के साथ उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है.
जमीन विवाद या पुरानी रंजिश? कई पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस
जमीन कारोबारी को इस तरह निशाना बनाए जाने के बाद पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है. क्या वारदात के पीछे जमीन की खरीद-बिक्री का विवाद है या किसी जमीन को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी? क्या कारोबार में वर्चस्व कायम करने के लिए हमला किया गया? हालांकि, इन कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल पुलिस घायल कारोबारी के बयान, जमीन कारोबार से जुड़े संभावित विवादों और आपसी रंजिश के बिंदुओं पर जांच आगे बढ़ा रही है. इस वारदात में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है.
रिपोर्ट: इश्तियाक खान