)
बेगूसराय में जमीन विवाद को लेकर एक बार फिर ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना सामने आई है. गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मामला बलिया थाना क्षेत्र के बरियारपुर का है, जहां पटना में रहने वाले कारोबारी कंचन सिंह के पैतृक घर पर उनके चाचा रामानुज सिंह ने कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग कर दी. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. विवादित जमीन पर चल रहे काम को कंचन सिंह द्वारा रुकवा दिए जाने के बाद मामला बढ़ गया और देखते ही देखते गोलीबारी शुरू हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के समय कारोबारी कंचन सिंह अपने पैतृक घर पर मौजूद थे. इसी दौरान उनके चाचा रामानुज सिंह हथियार लेकर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह कंचन सिंह को बचाया. इस दौरान उनके गार्ड और ड्राइवर ने भी हमलावर को पकड़ने की कोशिश की. घटना के दौरान हुई मारपीट में दो लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है.
बताया जा रहा है कि खुद को घिरता देख आरोपी रामानुज सिंह अपनी राइफल और एक्सयूवी गाड़ी मौके पर छोड़कर पैदल फरार हो गया. गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 01 FF 5255 बताया गया है. वहीं, आरोप है कि आरोपी का ड्राइवर बम या गोला चलाते हुए मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही बलिया थाना पुलिस और बलिया डीएसपी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मौके से कई खाली कारतूस के खोखे, कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई राइफल और वहां छोड़ी गई एक्सयूवी गाड़ी बरामद कर जब्त कर ली है.
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. जमीन विवाद को लेकर हुई इस गोलीबारी के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बताया जा रहा है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के दौरान कितने राउंड फायरिंग हुई और इसमें शामिल अन्य लोगों की क्या भूमिका थी. जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी. इस घटना ने एक बार फिर इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल, पुलिस ने हथियार और गाड़ी बरामद कर जांच तेज कर दी है.
रिपोर्ट: जितेंद्र चौधरी