जेडीयू की नाराजगी के बीच राजद की टपकी लार: BJP को लात मारिए और हमारे साथ सरकार बनाएं, भाई वीरेंद्र का नीतीश कुमार को बड़ा ऑफर
जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार अब तक 3 बार पलटी मारकर सरकार बना चुके हैं. 2017 में वे राजद का साथ छोड़कर बीजेपी के साथ आ गए थे. 2022 में एनडीए का साथ छोड़कर वे फिर से महागठबंधन में चले गए थे और जनवरी 2024 में वे फिर से एनडीए में वापस आ गए थे.
एक तरफ समान नागरिक संहिता पर एनडीए के भीतर बीजेपी और जेडीयू के बीच तनातनी चल रही है, तो दूसरी तरफ राष्ट्रीय जनता दल की ओर से नीतीश कुमार को बड़ा ऑफर दिया गया है. राष्ट्रीय जनता दल के मनेर से विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा, नीतीश कुमार जी! हमारे साथ आइए और हमलोग मिलकर सरकार बनाएंगे. हमलोग मिलकर अमित शाह का एजेंडा बिहार में नहीं चलने देंगे. भाई वीरेंद्र ने कहा
बिहार सहित पूरे देश में महंगाई है, बेरोजगारी है, अपराध पर लगाम नहीं लगा पा रही है NDA सरकार, इसलिए समान नागरिक संहिता का मुद्दा लेकर यह सरकार आई है, ताकि मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाया जा सके.
भाई वीरेंद्र ने कहा कि हिंदुस्तान जब गुलाम था तो हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी ने अपनी जान की कुर्बानी देकर इस देश को आज़ाद कराया था. यह देश धर्मनिरपेक्ष है. एनडीए सरकार नागपुर से गाइड हो रही है. उन्होंने कहा कि यह बिहार है और यहां नागपुर का नहीं चलेगा.
उन्होंने कहा कि बिहार में UCC लागू नहीं होने देंगे. नीतीश कुमार जी ने तो पहले ही स्टैंड ले लिया है. हम माननीय नीतीश कुमार जी से कहना चाहेंगे कि आप वैसे लोगों को छोड़िए और आइए इधर! हम लोग मिलकर सरकार बनाएं और उनको लात मार के आइए.
राजद विधायक ने कहा कि सभी को अपना अपना धर्म मानने का अधिकार है. हम तो पहले से यूसीसी का विरोध करते आ रहे हैं. जनता दल यूनाइटेड ने भी विरोध किया है. इसलिए मैं कह रहा हूं कि आदरणीय नीतीश कुमार जी, आपके साथ कुछ ऐसे लोग लगे हुए हैं, जो आपको बर्बाद करने में लगे हुए हैं. इसलिए आप आइए, हम लोग गठबंधन और जो सामाजिक न्याय के लोग हैं. बीजेपी को लात मारिए.
रिपोर्ट: रूपेंद्र श्रीवास्तव